उत्तराखंड की सभी सीटों के आए परिणाम, भाजपा ने आशानुरूप हासिल की सफलता…

उत्तराखंड की सभी सीटों के आए परिणाम, भाजपा ने आशानुरूप हासिल की सफलता…

देहरादून, 05 जून । अठारहवीं लोकसभा (लोस) के लिए मंगलवार को हुई मतगणना में उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर ली है। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के परिणाम देर रात घोषित कर दिए गए। बढ़ी बढ़त के बाद, भाजपा नेता और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, नैनीताल, उधमसिंह नगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रिकार्ड 03 लाख, 34 हजार, 548 मतों से अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के प्रकाश जोशी को शिकस्त दी है। जबकि हरिद्वार में भाजपा के त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह को कुल 01,64,056 मतों से पराजित कर दिया है। श्री रावत वर्ष 2017 में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने के बाद, राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। लगभग चार वर्ष बाद उनके स्थान पर, सांसद तीरथ सिंह रावत को और तीन महीने बाद पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद श्री त्रिवेंद्र सक्रिय राजनीति से बाहर थे। लोस चुनाव की घोषणा के बाद उन्हें फिर पार्टी ने मौका देकर हरिद्वार से प्रत्याशी बनाया। जहां उन्होंने जीत हासिल की है।
इसके अलावा, टिहरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की माला राज लक्ष्मी शाह ने चौथी बार लोकसभा सदस्य के रूप में सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने 02 लाख, 72 हजार,493 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जोतसिंह गुणसोला को हराया है। पौड़ी गढ़वाल में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के गणेश गोदियाल को 1 लाख, 63 हजार, 503 मतों से, जबकि अल्मोड़ा में भाजपा के अजय टम्टा ने कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को 2 लाख, 34 हजार, 097 मतों से हरा दिया है।
पार्टी की हैट्रिक की खुशी में पूरे राज्य में आतिशबाजी के साथ, गुलाल से होली खेली जा रही है और मिठाइयां बांटी जा रही हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट