Saturday , May 31 2025

मोदी ने पिछली 11 साल में कर दी देश की दुर्दशा : खरगे…

मोदी ने पिछली 11 साल में कर दी देश की दुर्दशा : खरगे…

नई दिल्ली, 27 मई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 साल के दौरान देश बर्बाद हो गया है और इस दौरान देश मे बेरोजगारी बढ़ी, अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई और विदेश नीति के स्तर पर भारत की साख कमजोर हुई है।
श्री खरगे ने आज यहां जारी बयान में कहा, ‘‘11 सालों में बड़े-बड़े ‘वादों’ को खोखले ‘दावों’ में बदलकर मोदी सरकार ने देश की ऐसी दुर्दशा कर दी, कि ‘अच्छे दिन’ की बात अब एक ‘डरावने सपने’ की तरह साबित हुए। युवा, सालाना दो करोड़ नौकरियों का वादा, असलियत में करोड़ों की ग़ायब। किसान, न आय हुई दोगुनी, ऊपर से खाने पड़ी रबर बुलेट, महिला, आरक्षण पर शर्तें लागू, सुरक्षा तार-तार, कमज़ोर वर्ग एससी, एसटी, ओबीसी, अपलसंख्यक पर भयावह अत्याचार, हिस्सेदारी ख़त्म।”
उन्होंने पिछले 11 साल में देश की अर्थव्यवस्था तथा विदेश नीति को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा, ‘‘अर्थव्यवस्था, महँगाई की पराकाष्ठा, बेरोजगारी की बाढ़, खपत ठप्प, मेक इन इंडिया रहा फ्लॉप और असमानता चरम पर। विदेश नीति, वादा था ‘विश्वगुरु’ बनने का, बिगाड़े हर देश से सम्बन्ध। लोकतंत्र, हर स्तंभ पर आरएसएस का हमला, ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग, संस्थानों की स्वायत्तता दी उजाड़ और 140 करोड़ जनता का हर तबका परेशान, 11 सालों में ऐसा रहा कमल का निशान।”

वर्तमान संकट का जिम्मेदार ठहरने पर कांग्रेस का भाजपा पर तीखा पलटवार

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। कांग्रेस ने वर्तमान संकट के लिए उसे जिम्मेदार ठहरने पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे को आड़े हाथ लेते हुए आज कहा कि इतिहास का ज्ञान नहीं होने पर भी उन्हें समझना चाहिए कि पाकिस्तान को सम्मान देने का काम कांग्रेस ने नहीं बल्कि भाजपा के नेताओं ने ही किया है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘निशिकांत दुबे कांग्रेस पर हमला करने के लिए भुट्टो का हवाला दे रहे हैं। अब बताइए, पाकिस्तान के नेताओं को सम्मान कौन दे रहा है लेकिन इसमें हैरानी की कोई बात नहीं है, श्री अडवाणी और श्री जसवंत सिंह ने सार्वजनिक रूप से जिन्ना की तारीफ की थी और श्री मोदी ने पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले की जांच के लिए आईएसआई को बुलाया था।”
श्री दुबे पर व्यक्तिगत और तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘और ये बिचौलिए से नकली इतिहासकार बना व्यक्ति यह भी जान ले कि सरदार स्वर्ण सिंह और भुट्टो के बीच 1963 में छह दौर की वार्ताएं हुई थीं, लेकिन वो सारी बातचीत भारत और पाकिस्तान में हुई थी, किसी ‘तटस्थ स्थान’ पर नहीं, जैसा कि 10 मई 2025 की संघर्षविराम घोषणा में डॉ. जयशंकर के मित्र और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था।”
गौरतलब है कि श्री दुबे ने इतिहास का हवाला देते हुए कांग्रेस पर हमला किया और कहा, ‘‘आयरन लेडी इंदिरा जी और उनके पिताजी नेहरु जी कश्मीर के अवैध क़ब्ज़े पाकिस्तान के द्वारा 1948 के बाद दुबारा मध्यस्थ अमेरिका और ब्रिटेन के दबाव में भारत सरकार के मंत्री स्वर्ण सिंह जी व ज़ुल्फ़िकार अली भुट्टो की लगातार बैठक 1962 से 1964 के बीच हुई,भारत ने पुंछ तथा उरी पाकिस्तान के द्वारा ज़बरदस्ती हथियाए भूभाग को पाकिस्तान को देने का फ़ैसला ही कर लिया था, इतने पर ही मामला नहीं रुका गुरेज़ में पूरी नीलम और किशनगंगा घाटी के साथ लाइन ऑफ कंट्रोल को अन्तरराष्ट्रीय सीमा। भारत की आज की समस्या का एकमात्र कारण कांग्रेस का हाथ, किसके साथ।”

झारखंड में 5 लाख का इनामी नक्सली मुठभेड़ में मारा गया, 10 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

रांची, 26 मई (वेब वार्ता)। झारखंड में लातेहार जिला के नेतरहाट थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में भाकपा माओवादी संगठन के कमांडर पांच लाख के इनामी मनीष यादव मारा गया जबकि दस लाख का इनामी कुंदन खेरवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि नक्सलियों के साथ यह मुठभेड़ रविवार देर रात शुरू हुई और सोमवार की सुबह तक चली। मुठभेड़ खत्म होने के बाद चलाए गए सर्च अभियान के दौरान मनीष यादव का शव मिला। मनीष यादव के उपर सरकार ने पांच लाख इनाम की घोषणा की थी।
इस अभियान के दौरान लातेहार पुलिस को 10 लाख इनामी कुंदन खरवार को भी पकड़ने में भी सफलता हाथ लगी है।मारे गए नक्सलियों के पास से पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि बीते 24 मई को एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में लातेहार पुलिस की टीम ने लातेहार थाना क्षेत्र के इचाबार जंगल में जेजेएमपी सुप्रीमो 10 लाख इनामी उग्रवादी पप्पू लोहरा और पांच लाख इनामी उग्रवादी प्रभात गंझू को भी मार गिराया था।

नरसिंहपुर में आज ‘कृषि उद्योग समागम’ एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों का सम्मेलन

नरसिंहपुर, 26 मई (वेब वार्ता)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कृ‍षि उद्योग समागम 2025 का उद्घाटन करेंगे, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
इस समागम से 28 मई तक राज्य में नवाचार, निवेश और रोजगार की संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गन्ना उत्पादक किसानों के हित में शुगर इंडस्ट्री निवेशकों से संवाद करेंगे। निवेशकों को नरसिंहपुर अंचल में शुगर इंडस्ट्रीज की स्थापना और उसके संबंध में राज्य शासन की प्रोत्साहन नीतियों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान करेंगे और कृषि निवेश से जुड़े समूहों से भी संवाद करेंगे।
मध्यप्रदेश में ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ के अंतर्गत ‘कृषि उद्योग समागम 2025’ प्रदेश के कृषि क्षेत्र को उद्योग, नवाचार और निवेश से जोड़ने की ऐतिहासिक पहल बनकर सामने आया है। ‘कृषि उद्योग समागम 2025’ का उद्देश्य प्रदेश की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन से जोड़ते हुए निवेश, नवाचार और नौकरियों के नए द्वार खोलना है।
मध्यप्रदेश अब गेहूं, दलहन, तिलहन, दुग्ध उत्पादन से लेकर एग्री-टेक तक कृषि से जुड़ी संभावनाओं का राष्ट्रीय केंद्र बनता जा रहा है।
नरसिंहपुर की तुअर दाल को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत राज्य की पहचान के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है, जो स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाज़ार से जोड़ने की दिशा में सार्थक कदम है। समागम नीतिगत घोषणाओं को जमीनी क्रियान्वयन और सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन में बदलने का सशक्त उदाहरण बनेगा। नरसिंहपुर अंचल को चीनी उद्योग का केंद्र बनाने की दिशा में कृषि उद्योग समागम बड़ा कदम होगा।
समागम स्थल पर एग्री-हॉर्टी एक्सपो के तहत आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन, एआई आधारित उपकरण, पॉलीहाउस, जैविक व नैनो उर्वरक, दुग्ध एवं गौशाला उत्पाद, और जल कृषि मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। प्राकृतिक व जैविक खेती के लाइव मॉडल भी लगाए जाएंगे। खेती, खाद्य प्र-संस्करण और निर्यात से जुड़े विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए जायेंगे। समागम में विषय विशेषज्ञों द्वारा किसानों को तकनीकी ज्ञान व परामर्श प्रदान करने के लिये औषधीय फसलों, एफपीओ और निर्यातकों के लिए विशेष नेटवर्किंग सेशन व संगोष्ठियाँ आयोजित की जाएंगी। समागम में 8 विभागों द्वारा कृषि नवाचारों पर आधारित 90 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जो किसानों को आधुनिक तकनीक व सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
नरसिंहपुर जिले के किसानों के नवाचारों को वीडियो क्लिप्स के माध्यम से भी प्रदर्शित किया जाएगा। त्रि-दिवसीय कृषि उद्योग समागम में जनप्रतिनिधि, कृषि उद्यमी, निर्यातक समूह के प्रतिनिधि, कृषि नवाचार कंपनियां, एफपीओ, किसान संगठन और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे।

कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की

भोपाल, 26 मई (वेब वार्ता)। अपने ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्यप्रदेश में पार्टी जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अध्यक्ष श्री खरगे द्वारा मध्यप्रदेश में संगठनात्मक पुनर्गठन के जिए जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति हेतु पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इस अभियान का नाम संगठन सृजन अभियान रखा गया है, जिसका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की जड़ों को गांव-गांव तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाना, तथा संगठनात्मक ढांचे को नए नेतृत्व के साथ सशक्त बनाना है।
पार्टी के संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले ने बताया कि ये पर्यवेक्षक प्रदेश के सभी जिलों में जाकर संगठनात्मक स्थिति का गहराई से मूल्यांकन करेंगे, स्थानीय कार्यकर्ताओं, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय नेताओं से संवाद करेंगे और निष्पक्षता व क्षमता के आधार पर नए जिला अध्यक्षों की सिफारिश करेंगे।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ये कदम मजबूत संगठन निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल साबित होगा। इस अभियान को क्रियान्वित करने की संपूर्ण तैयारी कर ली गई है।
इस पहल के तहत राज्य के हर जिले के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। राज्य के लिए सप्तगिरि उलाका, गुरदीप सिंह सप्पल, अखिलेश प्रताप सिंह, डॉ. अजय कुमार, विवेक बंसल, रिपुन बोरा, कृष्णा तीरथ सहित 50 नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

मुंबई में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया

मुंबई, 26 मई (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र के मुंबई में सोमवार सुबह भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव हुआ और परिवहन तथा विमान सेवा बाधित हुई। राज्य के तटीय जिलों रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और अतिवृष्टि होने का अनुमान जताया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से यह चेतावनी तब जारी की गई, जब शहर में सुबह से ही तेज बारिश, गरज के साथ बौछार होने लगी, खास तौर पर पनवेल जैसे इलाकों में जहां लोगों ने सुबह से ही लगातार आंधी-तूफान की सूचना दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई की लोकल ट्रेनें तीनों मुख्य लाइनों- सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर पर देरी से चल रही हैं, क्योंकि शहर में भारी बारिश हो रही है। लोकल ट्रेन को मुंबई शहर की जीवन रेखा माना जाता है।
यात्रियों की रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल रेलवे लाइन पर सभी ट्रेनें 15-25 मिनट की देरी से चल रही हैं। बारिश के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव हुआ और परिवहन तथा विमान सेवा बाधित हुई। कुर्ला, सायन, दादर और परेल समेत कई निचले इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सुबह-सुबह सड़कों पर वाहनों को पानी में डूबा हुआ देखा गया है।
बृहन्मुंबई नगर निगम के अनुसार, आज शहर या उपनगरीय क्षेत्रों में कहीं भी ज्यादा जलभराव नहीं हुआ। हालांकि, शहर के कुछ निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति देखी गई।
रविवार सुबह आठ बजे से आज सुबह आठ बजे के बीच मुंबई में शहरी क्षेत्र में 58 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 19 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भाजपा ने कर्नाटक में ‘आपातकाल जैसे’ शासन को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

बेंगलुरु, 26 मई (वेब वार्ता)। कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने सोमवार को राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और सरकार पर विपक्ष को दबाने तथा प्रेस की आजादी को खत्म करने के लिए ‘आपातकाल’ जैसी तानाशाही नीति अपनाने का आरोप लगाया।
श्री येदियुरप्पा ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, “देश में आपातकाल का सबसे काला इतिहास रहा है और आज भी वह दमनकारी रणनीति के माध्यम से “लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंटना” जारी रखे हुए है। कांग्रेस की राजनीतिक विरोधियों को जेल में डालने, मीडिया की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की पुरानी परंपरा रही है।
श्री येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष और पुलिस का इस्तेमाल विपक्ष को परेशान करने और विरोध की सुरों को दबाने के लिए किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में कांग्रेस ने कर्नाटक में मनमाना शासन स्थापित करने, पुलिस व्यवस्था को डराने-धमकाने और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का प्रतिशोध लेने के लिए इस्तेमाल किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने ‘टूल कॉन्फ्रेंस’ के बहाने विपक्ष की भागीदारी रोकने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने विपक्ष और मीडिया को राज्य प्रायोजित कार्यक्रम से बाहर रखने के लिए अधिसूचना जारी की है और अधिकारियों को पूरी तरह नियंत्रण में लगाने का प्रयास किया है।

बंगाल में कोरोना के सात नए मामले

कोलकाता, 26 मई (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल में कोरोना के सात नए मामले सामने आए है। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में हाल ही में कोविड जैसे लक्षणों के साथ 11 लोगों को भर्ती कराया गया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि सभी मरीज स्थिर हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
विभाग के अनुसार रविवार को कोलकाता में कोविड-19 के सात नए मामले सामने आए, जिनमें से छह दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में और एक शहर के पूर्वी इलाके में स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में पाया गया।
अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि अधिकांश मरीज खांसी और जुकाम के लक्षणों के साथ आए थे और नियमित कोविड-19 जांच में वायरस के लक्षण पाए गए, जिसके कारण उन्हें आइसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।
अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी मरीज स्थिर स्थिति में हैं, किसी को भी आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है और वे वर्तमान में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इससे पहले शनिवार को प्रदेश में कोविड-19 के चार मामले सामने आए थे जिसमें दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट दो ब्लॉक में रहने वाले एक ही परिवार की 31 वर्षीय महिला और 12 वर्षीय बच्चा शामिल है। हालांकि, मां और बच्चे दोनों को छुट्टी दे दी गई और उन्हें घर लौटने की अनुमति दी गई है।
इसके अलावा कोविड-19 के लिए सकारात्मक परीक्षण करने वाली एक गर्भवती महिला को कोलकाता के कंकुरगाछी के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि रिशरा के एक 15 वर्षीय लड़के को तेज बुखार, खांसी, गंभीर निर्जलीकरण, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण पाए जाने पर शनिवार को कोरोना मामले के रूप में ईएम बाईपास के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने से मना किया है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘हालांकि राज्य में कोविड के कुछ मामले हैं, लेकिन मरीजों की हालत गंभीर नहीं है और उनमें से कई को घर जाने की अनुमति दे दी गई है।’
प्रदेश की स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘चिंता की कोई बात नहीं है। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हम तैयार हैं, लेकिन सभी को सतर्क रहना होगा।’
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और सिक्किम में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आए हैं।

यूपी 01-05

हर पीड़ित को न्याय दिलाना और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सरकार का उद्देश्य : सीएम योगी

लखनऊ, 26 मई (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान यहां प्रदेश भर से लगभग 65 से अधिक पीड़ित पहुंचे। सीएम योगी हर पीड़ित के पास स्वयं पहुंचे, समस्या सुनी, प्रार्थना पत्र लिया और उन्हें अहसास कराया कि हर समस्या में सरकार साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री योगी ने निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित को न्याय दिलाना और चेहरे पर मुस्कान लाना ही सरकार का उद्देश्य है। जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा सहायता, पेंशन, फीस माफी, आवास, आंगनबाड़ी आदि से जुड़े अनेक मामले आए, जिस पर प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों को पुचकारा-दुलारा और चॉकलेट भी दी।

इस दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय शिकायतों का समाधान जनपद स्तर पर ही कराया जाए। जो समस्याएं शासन स्तर से निस्तारित होनी हैं, उन्हें ही यहां भेजी जाए। हर पीड़ित को न्याय दिलाकर चेहरे पर मुस्कान लाना ही सरकार का उद्देश्य और समस्याओं का निस्तारण सरकार की विशेष प्राथमिकता है। अफसरों से कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उनका समाधान त्वरित और संतुष्टि परक तरीके से कराना सुनिश्चित कराएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए बच्चों को दुलार किया। उन्होंने बच्चों से बातें की, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली, फिर चॉकलेट-टॉफी प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। जनता दर्शन में आए दिव्यांग की भी शिकायत सुनकर सीएम ने तत्काल निराकरण का निर्देश दिया।

सीएम योगी के कार्यालय ने जनता दर्शन की फोटो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”जन-जन की सुरक्षा, समृद्धि व खुशहाली सीएम योगी की शीर्ष प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों की समस्याएं सुनी एवं अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।”

नेशनल 01-10

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार भुज में पीएम मोदी ने किया रोड शो, गांव-गांव से पहुंचे लोग

कच्छ, 26 मई (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 26 मई से अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। जहां एक ओर देश को 82,950 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं मिलने जा रही हैं। वहीं दूसरी ओर ऑपरेशन सिंदूर` की गूंज भी पूरे गुजरात में सुनाई दे रही है। पीएम मोदी का वडोदरा में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा पहुंचकर अपने दौरे की शुरुआत की जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। शहर भर में ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर, कटआउट और झांकियों के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम किया गया। महिलाओं ने पीएम का स्वागत लाल साड़ी और मांग में सिंदूर के साथ किया, जिससे इस अभियान को जनसमर्थन मिला।

9000 एचपी रेल इंजन राष्ट्र को समर्पित

पीएम मोदी देश के पहले 9000 हॉर्स पावर वाले इलेक्ट्रिक रेल इंजन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह इंजन भारतीय रेलवे की मालवाहन क्षमता** को और अधिक सशक्त बनाएगा। रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं का कुल मूल्य 23,692 करोड़ रुपये होगा।
कई परियोजनाओं का करेगें शिलान्यास

वह शहरी विकास, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मोदी पीएमएवाई के तहत 22,000 से अधिक आवास इकाइयों को भी समर्पित करेंगे। वे स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत गुजरात में शहरी स्थानीय निकायों को 3,300 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी करेंगे।

भुज और अहमदाबाद में रोड शो

पीएम मोदी दोपहर 2 बजे भुज और शाम 6:30 बजे अहमदाबाद में रोड शो करेंगे। अहमदाबाद में रोड शो सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंदिरा ब्रिज तक होगा। इस दौरान सेना के उपकरणों की झांकियां, ब्रह्मोस मिसाइल, राफेल की प्रतिकृतियां और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां लोगों को प्रेरित करेंगी।

वडोदरा रोड शो के बाद पीएम मोदी ने कहा- ‘आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों का आभार’

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के वडोदरा में रोड शो के दौरान मिले आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी अपने गृह राज्य पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। उनके रोड शो के रास्ते में हजारों लोग उनका स्वागत करने के लिए उमड़ पड़े।

बताना चाहेंगे, लोगों ने भारी संख्या में इस विशेष ‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ में भाग लिया। केवल इतना ही नहीं, इस दौरान “भारत माता की जय”, “मोदी-मोदी” और “वंदे मातरम” के नारे सड़कों पर गूंज उठे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज लहराया और प्रधानमंत्री पर फूल बरसाए।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- धन्यवाद वडोदरा!

इसे लेकर एक्स पर पीएम मोदी ने पोस्ट किया, “धन्यवाद वडोदरा! इस महान शहर में आकर बेहद खुशी हुई। यह एक शानदार रोड शो था और वह भी सुबह में! आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों का आभार।”

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी का अपने गृह राज्य का यह पहला दौरा

ज्ञात हो, पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों पर भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद पीएम मोदी का अपने गृह राज्य का यह पहला दौरा है।

‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ के पश्चात् दाहोद पहुंचेंगे पीएम मोदी

‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ के पश्चात् पीएम मोदी दिन में दाहोद पहुंचेंगे, जहां वे लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप-रोलिंग स्टॉक वर्कशॉप का उद्घाटन करेंगे और खारोद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वे 24,000 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न सरकारी और रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

दाहोद से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। पहली ट्रेन साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी और साबरमती को सोमनाथ मंदिर के पास वेरावल से जोड़ेगी। दूसरी ट्रेन वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी और 17 कोचों के साथ 346 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

इसके अलावा, पीएम मोदी दाहोद में एक रेलवे उत्पादन इकाई का उद्घाटन करेंगे, जिसे ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 21,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। वह दाहोद विनिर्माण संयंत्र से एक इलेक्ट्रिक इंजन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

इसके अलावा, पीएम मोदी भुज जाएंगे और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे

इसके बाद प्रधानमंत्री भुज जाएंगे और 53,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें कांडला पोर्ट, सौर ऊर्जा, बिजली पारेषण और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी पहल शामिल हैं।

वह 181 करोड़ रुपये की लागत वाली चार पेयजल आपूर्ति योजनाओं का भी अनावरण करेंगे, जिससे महिसागर और दाहोद जिलों के 193 गांवों और एक कस्बे के 4.62 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

पीएम मोदी 27 मई को गांधीनगर में एक और रोड शो करेंगे अगले दिन यानी 27 मई की सुबह 10.30 बजे वह गांधीनगर में एक और रोड शो करेंगे, जिसमें 30,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद वह महात्मा मंदिर में 5,536 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रमुख परियोजनाओं में प्रधानमंत्री 1,006 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 22,055 घरों का उद्घाटन करेंगे। वह साबरमती रिवरफ्रंट के तीसरे चरण की भी आधारशिला रखेंगे, जिसकी अनुमानित लागत 1,000 करोड़ रुपये है। शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत शहरी स्थानीय निकायों को 3,300 करोड़ रुपये के चेक वितरित करेंगे।

पीएम मोदी ने दिखाई वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बोले- रेलवे के अन्य प्रोजेक्ट पर चल रहा काम

वलसाड, 26 मई (वेब वार्ता)। दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही दाहोद स्थित लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप राष्ट्र को समर्पित की।

वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे विभाग के विकास कार्यों और चल रहे प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे विभाग को विपक्ष शासित राज्यों में भी विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। रेलवे के नए प्रोडक्शन यूनिट और स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पर भी काम चल रहा है। जल्द ही रेलवे के क्षेत्र में प्रगति देखने को मिलेगी।

वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, लोकसभा के मुख्य सचेतक और वलसाड-डांग के सांसद धवल पटेल, भाजपा के विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि दाहोद से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में वलसाड, वापी और आसपास के क्षेत्रों में बस चुके हैं। अब तक इन लोगों को अपने गृह नगर जाने के लिए बस या अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिनमें अक्सर जगह नहीं मिलती थी और आरक्षण भी संभव नहीं हो पाता था।

हालांकि, अब वलसाड-दाहोद ट्रेन की शुरुआत से रोजगार के सिलसिले में यात्रा करने वाले हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही वलसाड और दाहोद के बीच के रेलवे स्टेशनों पर आवागमन करने वाले अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

बता दें कि 27 मई की सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी गांधीनगर में दो किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे, जहां 30,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

रोड शो के बाद वह महात्मा मंदिर में 5,536 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1,006 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 22,055 घरों का उद्घाटन भी करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट के तीसरे चरण की आधारशिला रखेंगे, जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।

नीति आयोग में झारखंड के उठाए मुद्दों पर केंद्र सरकार लेगी उचित निर्णय : रघुवर दास

रांची, 26 मई (वेब वार्ता)। झारखंड सरकार ने हाल में नीति आयोग की बैठक में राज्य की भूमि पर खनन के एवज में केंद्रीय कंपनियों के पास एक लाख 40 हजार 435 करोड़ की बकाया राशि का मुद्दा उठाया था। इस पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि भारत के संघीय ढांचे के तहत नीति आयोग एक ऐसा मंच है, जहां सभी राज्य अपनी समस्याएं साझा करते हैं। केंद्र सरकार उस पर विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लेती है। झारखंड सरकार ने नीति आयोग की बैठक में जो भी मांग रखी है, उसकी प्रासंगिकता और तार्किकता पर केंद्र सरकार निर्णय लेगी।

उल्लेखनीय है कि 24 मई को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि राज्य की भूमि पर खनन के एवज में केंद्र सरकार के अधीन कार्यरत कंपनियों के पास झारखंड के हक और हिस्से की राशि लंबे समय से बकाया है। इस राशि का यथाशीघ्र भुगतान होने से राज्य में विकास और कल्याण की योजनाओं को गति दी जा सकेगी।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कोल बियरिंग एक्ट में संशोधन की मांग उठाते हुए कहा था कि जिस जमीन पर कंपनियां खनन का कार्य कर लेती हैं, उसे राज्य सरकार को पुनः वापस किए जाने का प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य में खनन क्षेत्र में होने वाले अनधिकृत खनन के मामलों में कंपनियों की जवाबदेही तय करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में कोयले के साथ-साथ अन्य अहम खनिजों की बहुतायत है, जिनके खनन के क्रम में होने वाला प्रदूषण और विस्थापन एक बहुत बड़ी चिंता का विषय रहा है। इस चिंता को दूर करने की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए सीएम सोरेन ने ‘विकसित भारत- 20247’ की योजना पर नीति आयोग और केंद्र सरकार को कई सुझाव दिए थे।

‘दिल्ली’ से लेकर ‘गया’ तक सुहागिनों ने श्रद्धाभक्ति से की वट सावित्री पूजा, अखंड सौभाग्य का मांगा वरदान

नई दिल्ली/हरदोई/गया, 26 मई (वेब वार्ता)। देशभर में वट सावित्री का पर्व आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश के हरदोई और बिहार के गया में महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और सुख-शांति के लिए वट सावित्री की पूजा की। इस दिन सुहागिनें पति दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला उपवास रखती हैं और वट वृक्ष की पूजा करती हैं। मान्यता है कि इस वृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास होता है।

दिल्ली स्थित कालकाजी मंदिर के पीठाधीश्वर सुरेंद्रनाथ अवधूत ने बताया कि ज्येष्ठ मास की अमावस्या को सुहागिन महिलाएं व्रत रखते हुए भीगे चने, सिंदूर, रोली लेकर वट वृक्ष का पूजन करती हैं। इसमें कच्चे सूत को वट वृक्ष के चारों तरफ बांध देते हैं। ऐसी मान्यता है कि इसी दिन सावित्री ने वट वृक्ष के नीचे अपने पति के प्राणों की रक्षा का वरदान यमराज से मांगा था। यमराज ने उनके सतीत्व को देखते हुए उनके पति सत्यवान को प्राण दान दिया था। इसके बाद से ही वट वृक्ष की पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस दिन महिलाएं सावित्री और सत्यवान की कथा सुनती हैं।

वहीं, हरदोई में महिलाओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और उसके बाद बरगद के पेड़ की परिक्रमा व पूजा-अर्चना कर अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की। एक सुहागिन ने बताया कि हिंदुओं में इस पर्व का विशेष महत्व है। रात के 12 बजे के बाद अमावस्या लगती है, वैसे ही इस व्रत को शुरू कर देते हैं। इस व्रत में हम पानी तक नहीं पीते हैं। वट वृक्ष की पूजा के बाद ही हम व्रत तोड़ते हैं।

बिहार के गया जिले में भी सुहागिनें सोलह श्रृंगार कर विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा करती दिखीं। व्रती सोनाली सिंह ने बताया कि मैं पहली बार वट सावित्री पूजा कर रही हूं। यह पूजा पति के दीर्घायु के लिए किया जाता है। महिलाओं को बेसब्री से इस दिन का इंतजार रहता है। एक अन्य महिला ने कहा, “यह व्रत माता सावित्री के समर्पण का प्रतीक है। हम निर्जला व्रत रखकर अपने पति की सलामती और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं।”

मध्य प्रदेश : मुरैना में शराब माफिया की फायरिंग में गई चाचा-भतीजे की जान

मुरैना, 26 मई (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में आबकारी शराब ठेकेदार की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी और शराब माफियाओं के बीच विवाद हो गया, जिसमें शराब माफियाओं ने गोली चला दी और इस गोलीबारी में चाचा-भतीजे की मौत हुई है।

यह घटना सिहोनिया थाने के भाटापुरा नहर पुलिया इलाके की है। बताया गया है कि सोमवार की सुबह शराब ठेकेदार के कर्मचारी महेंद्र भदौरिया और उसके भतीजे सौरभ भदौरिया को जानकारी मिली कि दिमनी क्षेत्र से गोपी पंचोली गांव की तरफ से अवैध शराब लेकर गाड़ी आ रही है। इस गाड़ी को चाचा-भतीजे ने रोकने की कोशिश की, इसी के चलते शराब माफिया ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से सौरभ और महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह डावर ने बताया है कि सोमवार की सुबह सोहनिया थाना क्षेत्र में दो लोगों को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी और उनकी मौत अस्पताल में हुई है। इसमें वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात लोग हैं। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और प्रकरण दर्ज किया जाएगा, आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने टीमों का गठन कर दिया है और उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चल रहा है कि जिन दो लोगों की गोली लगने से मौत हुई है, वे शराब के व्यवसाय से जुड़े थे, संभवत उसी को लेकर यह घटना घटित हुई होगी।

कहा जा रहा है कि पूर्व में भी शराब माफिया और शराब ठेकेदारों के कर्मचारियों के बीच विवाद हो चुका है। पुलिस का कहना है कि पूर्व के विवाद और आरोपियों की तलाश के साथ रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शराब माफिया में चाचा-भतीजे की मौत के बाद से क्षेत्र में तनाव है। इसकी वजह भी है क्योंकि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार चलता है।

नोएडा : कांस्टेबल सौरभ कुमार को श्रद्धांजलि, पुलिस आयुक्त ने अपने वेतन से परिजनों को दी 1 लाख की आर्थिक मदद

नोएडा, 26 मई (वेब वार्ता)। नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र में दिनांक 25 मई की रात एक गंभीर और दुखद घटना सामने आई, जिसमें कर्तव्य निर्वहन के दौरान आरक्षी सौरभ कुमार ने वीरगति प्राप्त की। यह घटना थाना फेस-3 पर दर्ज एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त कादिर, निवासी नहाल, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद की गिरफ्तारी के प्रयास में हुई।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देने पहुंची, तो अभियुक्त कादिर और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में कांस्टेबल सौरभ कुमार को सिर में गोली लगी और उन्हें गंभीर अवस्था में तुरंत यशोदा अस्पताल, नेहरू नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।

बताया गया कि अभियुक्त कादिर एक दुर्दांत अपराधी है, जिसके विरुद्ध लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मसूरी का घोषित हिस्ट्रीशीटर भी है। मुठभेड़ के बाद अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

आरक्षी सौरभ कुमार ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया तथा देश सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के समस्त पुलिसकर्मी इस घटना से अत्यंत आहत हैं और शहीद सौरभ कुमार को शत-शत नमन करते हुए अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। इस दुखद घटना के पश्चात, पुलिस आयुक्त महोदया गौतमबुद्धनगर द्वारा अपने वेतन से 1,00,000 (एक लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राशि शहीद कांस्टेबल सौरभ कुमार के परिजनों को प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, कमिश्नरेट के समस्त अधिकारी और कर्मचारी अपने एक दिन के वेतन की राशि भी शोक स्वरूप शहीद के परिजनों को प्रदान करेंगे।

अमृतसर पार्षद हत्याकांड : पंजाब पुलिस ने मुठेभड़ के बाद चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

अमृतसर, 26 मई (वेब वार्ता)। अमृतसर में अकाली दल के पार्षद की हत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्षद की हत्या में शामिल चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गई और आरोपियों में से एक गुरप्रीत सिंह गोपी को पैर में गोली लगी है। इसके अलावा, बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पुलिस ने मौके से एक बाइक भी बरामद की है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया, “पुलिस ने विदेश में बैठे किशन गैंग से जुड़े एक संगठित अपराध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें जंडियाला गुरु के नगर पार्षद हरजिंदर सिंह की हत्या का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार भी बरामद किया गया है।”

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि गोइंदवाल से एक युवक जोबन को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अमित और गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, गिरफ्तारी से पहले मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और नाकेबंदी के दौरान मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पंजाब पुलिस के डीजीपी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर मुठभेड़ की जानकारी दी गई। डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक ग्लॉक 9एमएम पिस्तौल बरामद की है। इसके साथ ही यह ऑपरेशन गैंग प्रतिद्वंद्विता और संगठित अपराध पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस जांच कर रही है ताकि गैंग के अन्य साथियों और उनके कनेक्शनों का पता लगाया जा सके।

बता दें कि अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र में एक अकाली पार्षद की रविवार शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।

‘राष्ट्रीय सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता’, असम सीएम ने ‘पाकिस्तानी’ लिंक के आरोपों पर गौरव गोगोई को फिर घेरा

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी पर एक बार फिर ‘पाकिस्तानी’ लिंक का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के बयान का जिक्र करते हुए दावा किया कि गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी वास्तव में पाकिस्तान सरकार के पेरोल पर थीं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रिपुन बोरा ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी वास्तव में पाकिस्तान सरकार के पेरोल पर थीं। अगर यह सच है, तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक दुश्मन देश से जुड़े व्यक्ति का एक सांसद के करीबी दायरे में होना भारत की संस्थाओं की अखंडता के लिए गंभीर और अस्वीकार्य खतरा है।”

उन्होंने कहा, “हमें पहले इस चौंकाने वाली जानकारी का पता नहीं था। अब जब यह खुलासा हो गया है, तो इस मामले की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। हम बोरा का बयान दर्ज करेंगे और इस मामले में आगे की कार्रवाई करेंगे।”

इससे पहले, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई पर आरोप लगाते हुए कहा था कि असम में हमारे पास केवल एक पाकिस्तानी है। उसकी शादी राज्य के एक स्थानीय परिवार में हुई है और वह सुखी जिले में रहती है। वह मूल रूप से पाकिस्तान की है और उसने दीर्घकालिक वीजा के लिए आवेदन किया है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से यह स्पष्ट करने को कहा है कि उसे वापस भेजा जाना चाहिए या नहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा था, “उसके अलावा, असम में हमारे पास कोई पाकिस्तानी नागरिक नहीं है।”

असम पुलिस का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी और पाकिस्तानी राष्ट्रीय और जलवायु नीति विशेषज्ञ अली तौकीर शेख के बीच संबंधों की जांच कर रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा और भाजपा गोगोई पर उनकी पत्नी एलिजाबेथ के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई के साथ कथित संबंधों को लेकर हमला कर रहे हैं।

हालांकि, गौरव गोगोई ने आरोपों को राज्य में होने वाले चुनाव से पहले भाजपा की चाल बताया है। उन्होंने इसे सरमा द्वारा अपने परिवार द्वारा किए गए विभिन्न भूमि घोटालों से ध्यान हटाने का प्रयास बताया।

स्टेट 01-02

गुजरात: वडोदरा में पीएम मोदी का रोड शो, कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार हुआ शामिल

वडोदरा, 26 मई (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा पहुंचे। यहां उनका विशाल रोड शो निकला जिसमें कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार शामिल हुआ। कुरैशी परिवार ने पुष्पवर्षा कर पीएम मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे के तहत गुजरात पहुंचे हैं, जहां वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस खास मौके पर सोफिया कुरैशी के परिवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने देखना हमारे लिए गर्व का पल है।

कर्नल सोफिया कुरैशी के भाई मोहम्मद संजय कुरैशी ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री हमारे बीच आए और हमें उन्हें आमने-सामने देखने का मौका मिला।”

उन्होंने अपनी बहन सोफिया कुरैशी की बहादुरी की तारीफ की। कहा कि निसंदेह इससे बड़ी गर्व की बात और क्या हो सकती है कि औरतों के साथ जो गलत हुआ, उसका बदला एक औरत ने लिया। हमारी बहनों ने दुश्मन देश को बता दिया कि वे किसी मर्द से कम नहीं हैं।

साथ ही, कर्नल सोफिया कुरैशी की जुड़वा बहन शाइना सुनसारा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मैं खुद एक महिला हूं और इस बात को बखूबी समझ सकती हूं कि उन्होंने आज की तारीख में महिलाओं को कितना ऊपर उठा दिया है। आज महिलाएं अगर हर क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, तो निश्चित तौर पर इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाना चाहिए। अब सोफिया कुरैशी न सिर्फ मेरी बहन है, बल्कि अब वह पूरे देश की बहन है।”

प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो, एयरपोर्ट से एयरफोर्स गेट तक करीब एक किलोमीटर लंबा था। इस रोड शो को ‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ नाम दिया गया। इसी दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार प्रधानमंत्री का स्वागत करने पहुंचा।

कर्नल सोफिया कुरैशी मूल रूप से गुजरात के वडोदरा की रहने वाली हैं। सोफिया के पिता और दादा भी सेना में थे। सोफिया कुरैशी ने मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के एक सेना अधिकारी मेजर ताजुद्दीन कुरैशी से शादी की। सोफिया कुरैशी 1997 में भारतीय सेना में शामिल हुई थीं।

केरल में दो भाइयों की करंट लगने से मौत, प्रियंका गांधी ने जताया दुख

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोझिकोड में दो भाइयों की मौत पर दुख जताया। प्रियंका ने कहा कि मैं प्रार्थना करती हूं कि भगवान उनके परिवार को इस भयानक त्रासदी को सहने की शक्ति दे।

कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, “कोडेनचेरी, कोझिकोड में दो भाइयों निधिन और ऐविन की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं प्रार्थना करती हूं कि भगवान उनके परिवार को इस भयानक त्रासदी को सहने की शक्ति दे। मैं केरल के सभी लोगों से आग्रह करती हूं कि वे सतर्क रहें, अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और खतरनाक क्षेत्रों में समय-समय पर जारी होने वाली सुरक्षा चेतावनियों का ध्यान रखें।”

उन्होंने पार्टी नेताओं से अपील करते हुए कहा, “हमारे सभी यूडीएफ सहयोगी सक्रिय सहायता और देखभाल के लिए तैयार हैं। मुझे विश्वास है कि वे हर समय उपलब्ध रहेंगे और मदद करेंगे। आइए, हम सब मिलकर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करें।”

बता दें कि कोझिकोड में मछली पकड़ते समय दो भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं के कारण बिजली का खंभा पानी में गिर गया था और उसकी चपेट में आने से दोनों भाइयों की मौत हो गई।

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के पांच जिलों- कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोझिकोड और मलप्पुरम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, इन जिलों में अगले 24 घंटों में 7 से 20 सेमी तक बारिश होने की संभावना है। तेज बारिश को देखते हुए वायनाड जिले में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो आपात स्थिति को संभालने और निगरानी के लिए काम करेगा।

स्मृति ईरानी अमेठी में कार्यकर्ताओं के साथ करेंगी पूरा दिन विमर्श : भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला

अमेठी, 26 मई (वेब वार्ता)। यूपी के अमेठी की पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज अमेठी दौरे पर रहेंगी। यह उनका लोकसभा चुनाव में हार के बाद पहला दौरा है। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। यह जानकारी ने दी।

अमेठी भाजपा के जिला अध्यक्ष सुधांशु ने बताया कि स्मृति ईरानी आज पूरा दिन अमेठी में कार्यकर्ताओं के साथ व्यतीत करेंगी। स्मृति ईरानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिजन्मशताब्दी संगोष्ठी में हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम गौरीगंज स्थित श्री रणंजय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया है, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के जुटने की उम्मीद है। स्मृति ईरानी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान वह पंचायत प्रतिनिधियों से भी भेंट करेंगी, क्योंकि अगले साल पंचायत के भी चुनाव होने हैं।

इसके साथ वरिष्ठ लोगों से भी मिलेंगी। स्मृति के अमेठी आगमन के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। बताया जा रहा है कि वह भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। वह मेदन मवई स्थित अपने आवास भी जा सकती हैं। इसके बाद आयोजित गोष्ठी को संबोधित करने के बाद वह वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। चुनावी पराजय के बाद यह उनका पहला अमेठी दौरा है, जिसे लेकर क्षेत्र में सियासी हलचल भी तेज हो गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

ज्ञात हो कि भाजपा की पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी ने 2019 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को शिकस्त देकर अमेठी की संसदीय सीट जीत हासिल की थी। लेकिन 2024 के चुनाव में वह कांग्रेस के किशोरी लाल से चुनाव हार गईं, जिसके बाद वे अमेठी नहीं आई थीं।

भारत ने आज ही के दिन लॉन्च किया था ‘ऑपरेशन सफेद सागर’, वायुसेना ने शेयर किया वीडियो

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। 26 मई 1999 का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ लॉन्च किया था। भारतीय वायुसेना ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का एक वीडियो साझा किया है। वायुसेना ने बताया कि 26 मई 1999 को आज के दिन ही ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को लॉन्च किया गया था।

भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “26 मई 1999: ऑपरेशन सफेद सागर।” 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना ने अपने हवाई अभियानों के लिए ऑपरेशन सफेद सागर शुरू किया। यह ऑपरेशन विजय के तहत जमीनी सेनाओं का समर्थन करने के लिए था, जिसका उद्देश्य कारगिल क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय चौकियों पर कब्जा करने वाले पाकिस्तानी सैनिकों और घुसपैठियों को खदेड़ना था।

उन्होंने आगे कहा, “यह 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद कश्मीर क्षेत्र में हवाई शक्ति का पहला बड़े पैमाने पर उपयोग था। इतने ऊंचे और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में सटीक हवाई अभियानों का यह पहला मौका था, जिसने सैन्य उड्डयन इतिहास में एक मील का पत्थर स्थापित किया।”

भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को कई मायनों में अभूतपूर्व बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “इसने हवाई शक्ति को गैर-पारंपरिक भूमिकाओं में इस्तेमाल किया। सीमित हवाई संसाधनों की प्रभावशीलता को स्थानीयकृत संघर्ष में दिखाया। यह धारणा तोड़ी कि हवाई शक्ति का उपयोग अनिवार्य रूप से पूर्ण युद्ध में बदल जाएगा। इस ऑपरेशन ने भारतीय वायुसेना की बहुमुखी प्रतिभा और दृढ़ता को प्रदर्शित किया और साथ ही कम तीव्रता वाले संघर्ष में भी सटीक हवाई हमलों के निवारक मूल्य को स्थापित किया। इसने साबित किया कि हवाई शक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार किए बिना युद्ध के परिणाम को निर्णायक रूप से बदल सकती है।”

बता दें कि 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में मिराज 2000, मिग-21, मिग-17, जगुआर, मिग-23, मिग-27 और चेतक का इस्तेमाल किया गया था।

वट सावित्री पर्व: प्रयागराज में सुहागिन महिलाओं ने की वटवृक्ष की पूजा

प्रयागराज, 26 मई (वेब वार्ता)। आस्था की संगम नगरी प्रयागराज में आज (26 मई) वट सावित्री पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने वटवृक्ष (बरगद के पेड़) की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और अखंड सौभाग्य की कामना की। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा और त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद बरगद के पेड़ की परिक्रमा कर सूत बांधा।

वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व है। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर लाल जोड़े में वटवृक्ष की पूजा करती हैं। पूजा के दौरान बरगद के पेड़ पर सूत लपेटकर परिक्रमा की जाती है और पति की सलामती के लिए प्रार्थना की जाती है।

पौराणिक कथा के अनुसार, माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा के लिए मृत्यु के देवता यमराज को अपना फैसला बदलने पर मजबूर कर दिया था। सावित्री के इस समर्पण और साहस ने उन्हें नारी शक्ति का प्रतीक बना दिया। तभी से सुहागिन महिलाएं इस व्रत को अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए करती हैं।

प्रयागराज में सुबह से ही संगम तट पर महिलाओं की भीड़ देखी गई। महिलाओं ने पहले संगम में आस्था की डुबकी लगाई और फिर नजदीकी वटवृक्षों पर पूजा-अर्चना की।

व्रती महिला रेखा ने बताया, “आज के दिन माता सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस लिए थे। हम पहले संगम में स्नान करने गए, फिर यहां वटवृक्ष की पूजा की। इस व्रत का उद्देश्य अपने सुहाग को अखंड रखना और पति की लंबी उम्र की कामना करना है।”

व्रत करने वाली एक अन्य महिला ने कहा, “यह व्रत माता सावित्री के समर्पण का प्रतीक है। हम निर्जला व्रत रखकर अपने पति की सलामती और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं।”

इस पर्व पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में वटवृक्ष के नीचे पूजा सामग्री जैसे रोली, चंदन, फूल और फल के साथ विधि-विधान से पूजा की।

मथुरा में चौकीदार की हत्या मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार

मथुरा, 26 मई (वेब वार्ता)। मथुरा में चौकीदार की हत्या मामले में सोमवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुप्‍त सूचना मिलने के बाद शुगर मिल फैक्ट्री के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आरोपी भागने की तैयारी में थे। मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल हो गए, जब कि दो मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपियों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है और मौके से फरार आरोपी की तलाश जारी है। तीनों बदमाशों के पास से मृतक का मोबाइल, अवैध असलहा और नगदी बरामद हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 22 मई देर रात थाना क्षेत्र छाता में बंद पड़ी असर कंपनी में दो चौकीदार सो रहे थे। इस दौरान कुछ बदमाश आए और कंपनी से तार चोरी करने लगे। इस दौरान चौकीदार बद्री के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मथुरा जिले की स्‍वाट टीम, सर्विलांस, थाना छाता की पुलिस जांच पड़ताल में लगी थी।

मथुरा पुलिस के अनुसार, लीड मिलने पर टीम चेकिंग कर रही थी। खुद को घिरा हुआ पाकर बदमाश भागने की तैयारी में थे। भागने की फिराक में पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में राकेश बिहारी, सतीश और बिनोद राठौर नाम के बदमाश घायल हो गए। इनको उपचार के लिए भेजा गया। मौके का फायदा उठाकर दो साथी फरार हो गए। इनकी गिरफ्तारी के लिए टीम घेराबंदी कर रही है। मृतक के पास से मोबाइल फोन, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। यह शातिर अपराधी हैं, इनसे और जानकारी के लिए पूछताछ की जा रही है। अभियुक्त राकेश, सतीश और विनोद तीनों आगरा के ताजगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं।

उल्‍लेखनीय है कि छाता के दोताना पुलिस चौकी के सामने बंद पड़ी असर एग्रो फैक्ट्री में गांव नरी के रहने वाले कमल और बद्री चौकीदारी करते थे। बद्री ने तीन दिन पहले ही नौकरी शुरू की थी।

एनसीआर में बारिश और तूफान : अगले दो दिन के लिए अलर्ट जारी, 31 मई तक तापमान में गिरावट की संभावना

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार से शुरू हुआ तेज बारिश और गरज-चमक वाला मौसम अब भी जारी है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 26 और 27 मई के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का सामना एनसीआर के लोगों को करना पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 26 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इस दिन बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

इसी तरह, 27 मई को भी मौसम विभाग ने थंडरस्टॉर्म के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है, जिसमें अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहेगा। 28 मई को स्थिति थोड़ी हल्की होगी, जहां बादलों के छाए रहने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, लेकिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 29 और 30 मई को फिर से ‘थंडरस्टॉर्म विथ रेन’ की संभावना है, लेकिन राहत की बात यह है कि इन दिनों मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 31 मई को हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।

इस बदले हुए मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जहां मई के महीने में पारा अक्सर 40 डिग्री के पार चला जाता है, वहीं इस बार 26 से 31 मई के बीच तापमान 32 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है। हालांकि, तेज हवाओं और तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आई हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनी नमी के कारण उत्पन्न हुई है, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्से प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों और ऊंची जगहों पर जाने से परहेज करने की हिदायत दी गई है। बदलते मौसम के बीच एनसीआर वासियों को जहां एक ओर गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश और तूफान ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

‘त्रिकाल’ व्हिस्की पर बढ़ा विवाद, संत समाज बोला- नहीं बदला नाम तो कंपनी के खिलाफ होगा आंदोलन

नई दिल्ली/हरिद्वार, 26 मई (वेब वार्ता)। रेडिको खेतान की ‘त्रिकाल’ व्हिस्की पर नाराजगी बढ़ती जा रही है। ‘त्रिकाल’ व्हिस्की को लेकर संत समाज से लेकर राजनेताओं तक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।

दरअसल, रेडिको खेतान द्वारा हाल ही में प्रीमियम व्हिस्की ‘त्रिकाल’ को लॉन्च किया गया है। संतों का कहना है कि ‘त्रिकाल’ शब्द सनातन धर्म से जुड़ा एक पवित्र और आध्यात्मिक अर्थ लिए हुए है, जिसे शराब जैसे उत्पाद के साथ जोड़ना पूरी तरह अनुचित है।

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि यह हिंदू धर्म की आस्था का अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कंपनी ने इस व्हिस्की का नाम तुरंत नहीं बदला, तो संत समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। धर्म और संस्कृति से जुड़े शब्दों का इस प्रकार व्यावसायिक और भौतिक वस्तुओं से जुड़ना हमारी मान्यताओं को ठेस पहुंचाता है।

उन्होंने सभी कंपनियों से अपील की है कि वे सनातन धर्म की मर्यादा का सम्मान करें और भविष्य में इस तरह की चूक से बचें।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने भी ‘त्रिकाल’ व्हिस्की नाम रखने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस भी कंपनी ने अपनी व्हिस्की का नाम त्रिकाल रखा है, यह बहुत ही गलत है। ऐसे नाम रखने से लोगों की भावना आहत होती है। मेरी गुजारिश है कि ऐसी कंपनी इसका नाम तुरंत बदले।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, “यह बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है। देश ही नहीं बल्कि दुनिया के अनेक स्थानों पर इस समय कभी चप्पलों पर, कभी जूते पर, कभी अंग वस्त्रों पर हिंदू देवी-देवताओं के चित्र, उनके प्रतीक और हमारे आस्था के केंद्रों को दर्शाने के लिए एक रिवाज चल पड़ा है। यह बेहद ही निंदनीय है। मैं भारत से बाहर के लोगों की मानसिकता को समझ सकता हूं, लेकिन ऐसा कोई ब्रांड अगर भारत में लॉन्च होता है और उसका नाम जो हमारी आध्यात्मिक परंपराओं और आस्था के केंद्रों से जुड़ा हुआ हो, तो मुझे लगता है कि इससे जो निर्माता हैं, जो प्रमोटर हैं या जो मार्केटिंग करने वाले लोग हैं, उन्हें थोड़ी सी सावधानी बरतनी चाहिए। मुझे आशा है कि जो ब्रांड आस्था के केंद्रों से जुड़े हुए हैं, खासकर अगर किसी शराब का ब्रांड या व्हिस्की का ब्रांड होता है, तो उसे समाज स्वीकार नहीं करेगा।”

अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष महंत विशाल दास महाराज ने कहा, “हमारे शास्त्रों में भगवान महाकाल को त्रिकाल दृष्टा कहा गया है। ऐसी घृणित चीज त्रिकाल के नाम से बनाना, यह भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सनातन के विरुद्ध कार्य है। ऐसे कार्य के लिए हमारे वैदिक सनातन धर्म के धर्मावलंबी और अखाड़ा परिषद के लोग विरोध करते हैं। भगवान शिव के नाम को बदनाम होते हुए कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, कंपनी त्वरित कार्रवाई करते हुए इस नाम को हटाए या कुछ और नाम दें। व्यसन की चीजों को त्रिकाल नाम देकर भगवान महाकाल को बदनाम न करें। भगवान महाकाल की भृकुटि अगर टेढ़ी हो गई, तो आप, आपका व्यवसाय और यह शराब कुछ भी बच नहीं पाएगा, सब समाप्त हो जाएगा।”

दिल्ली : साइबर ठगी करने वाले शातिरों को पुलिस ने दबोचा, खुले चौंकाने वाले राज

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन साउथ वेस्ट की टीम ने सोमवार को तीन कुख्यात ठगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल वर्मा (रायपुर, छत्तीसगढ़), शांतनु रिचोरिया (झांसी, यूपी) और अर्जुन सिंह (सहारनपुर, यूपी, उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने तीन स्मार्टफोन, चार सिम कार्ड, चार बैंक पासबुक और तीन चेकबुक बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के राज नगर पालम कॉलोनी निवासी महेंद्र जैन ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज की थी कि उन्हें व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए ठगा गया। 21 मार्च को एक कॉलर, जो खुद को नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर संजय बता रहा था, ने जैन को बताया कि उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग कैनरा बैंक में फर्जी डेबिट/क्रेडिट कार्ड बनाने में हुआ है। कॉलर ने एक फर्जी कार्ड की तस्वीर दिखाकर दावा किया कि यह एक बड़ी एयरलाइन कंपनी के मालिक द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हो रहा है। डराने-धमकाने के बाद जैन ने अपनी बचत, सावधि जमा और पत्नी के गहने बेचकर पेटीएम और आरटीजीएस के जरिए 25 लाख रुपये ठगों को ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने 10 अप्रैल को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक के नेतृत्व में एसआई चेतन राणा, एचसी मनेंद्र और एचसी विजयपाल की टीम गठित की गई। डीसीपी सुरेंद्र चौधरी और एसीपी विजय कुमार के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल फुटप्रिंट और मनी ट्रेल का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठग दिल्ली के होटलों से फर्जी व्हाट्सएप नंबरों के जरिए अपराध को अंजाम दे रहे थे। वे पूरे देश से खच्चर खातों (धोखेबाजी के लिए प्रयोग किए जाने वाले अकाउंट) का इस्तेमाल करते थे।

इन तीनों को पहाड़गंज में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल वर्मा ने पहले अपना बैंक खाता ठगों को दिया, फिर मुनाफा देखकर खुद इस गोरखधंधे में शामिल हो गया। वह खातों को किराए पर देने और खच्चर खाताधारकों को होटलों में लाने का काम करता था। ठग व्हाट्सएप के गुप्त ग्रुप और फर्जी नंबरों के जरिए अंतरराष्ट्रीय ऑपरेटरों से संपर्क करते थे। अब तक 7-8 खच्चर खातों का पता चला है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल तीन मोबाइल, चार सिम कार्ड, तीन चेकबुक और चार पासबुक बरामद किए। डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।

‘जासूस’ ज्योति मल्होत्रा की पुलिस रिमांड आज होगी खत्म, कोर्ट में किया जाएगा पेश

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की नौ दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को हरियाणा की हिसार अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस इससे पहले भी दो बार ज्योति मल्होत्रा को रिमांड पर ले चुकी है और तीसरी बार उसे अदालत में पेश करेगी। मल्होत्रा उन 12 लोगों में शामिल थी जिन्हें जासूसी के संदेह में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।

वह एक यूट्यूब चैनल चलाती थी और उसके खिलाफ 16 मई को सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

बताया गया कि वह नवंबर 2023 से पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी। भारत ने कथित तौर पर जासूसी में लिप्त होने के कारण 13 मई को दानिश को निष्कासित कर दिया था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), खुफिया ब्यूरो और सैन्य खुफिया अधिकारियों ने भी मल्होत्रा से पूछताछ की है। जांच से पता चला है कि वह पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और कुछ अन्य देशों में गई थी। पुलिस ने कहा था कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी मल्होत्रा को एक एसेट के रूप में विकसित कर रही थी।

यह भी बताया गया कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिवसीय सैन्य संघर्ष के दौरान वह दानिश के संपर्क में थी। जांच के दौरान पुलिस को ज्योति मल्होत्रा के लैपटॉप और मोबाइल से डिलीट की गई चैट मिली है। इससे पहले पुलिस ने उसके तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा था।

बताया जा रहा है कि मल्होत्रा के चार बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। हिसार के पुलिस अधीक्षक के आधिकारिक बयान के अनुसार, अब तक की जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे पता चले कि मल्होत्रा ने संवेदनशील रक्षा या रणनीतिक जानकारी हासिल की हो, न ही आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने या आतंकवादी संगठनों से उसके संबंधों का कोई संकेत मिला हो।

पुलिस ने पुष्टि की है कि मल्होत्रा उन लोगों के संपर्क में थी जिन्हें वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंट के रूप में जानती थी। पिछले साल अप्रैल में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में उनकी यात्रा के बारे में 23 मई को मध्य प्रदेश पुलिस ने उनसे पूछताछ की थी।

ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने पाकिस्तान को अपनी सामरिक शक्ति का एहसास दिलाया : दिलीप घोष

कोलकाता, 26 मई (वेब वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने सोमवार को पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज भारत ने पाकिस्तान को अपनी सामरिक शक्ति का एहसास दिला दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को यह पैगाम दिया है कि अगर उसने भविष्य में कभी भी भारत पर बुरी नजर डालने की जुर्रत की, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को लेकर भारत का रुख पूरी तरह से सख्त है। हम आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। अब समय आ चुका है कि पाकिस्तान को पूरी दुनिया के सामने बेनकाब किया जाए। पाकिस्तान जैसे देश के लिए वैश्विक मंच पर कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार की तरफ से भेजे गए अलग-अलग सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को राजनीतिक एकता का प्रतीक बताया। कहा कि अगर हम इसी तरह से एकजुट रहेंगे, तो मजाल है कि कोई हमारे ऊपर बुरी नजर डालने की जुर्रत करे। इस घटना ने साबित कर दिया है कि बेशक हम लोगों के बीच में आंतरिक मसलों को लेकर मतभेद हो, लेकिन जब राष्ट्रीय सुरक्षा की बात आएगी, तो हम लोगों को दुनिया की कोई भी महाशक्ति अलग नहीं कर सकती है। आतंकवाद के मुद्दे को लेकर हम सभी एकजुट हैं, थे और हमेशा रहेंगे। अगर किसी ने भारत के खिलाफ बुरी नजर डालने की जुर्रत की, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। कहा कि जब प्रधानमंत्री ने पद ग्रहण किया था, तो भारत की अर्थव्यवस्था 9वें स्थान पर थी, लेकिन आज हमारी यह अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान पर आ चुकी है। यह प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम का परिणाम है। हमारा देश इसी तरह से नित-नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

ऑपरेशन सिंदूर रहा सफल, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा विश्व हमारे साथ: संजय सेठ

रांची, 26 मई (वेब वार्ता)। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को एक्सपोज करने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कई विदेशी देशों की यात्रा पर हैं। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा पर केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरा विश्व भारत के समर्थन में खड़ा है। पूरा विश्व पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को देख और समझ रहा है। पहलगाम में निर्दोष 26 लोगों की जान ली गई। इस आतंकी हमले की विश्व स्तर पर निंदा हुई है।

सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सेठ ने कहा, “पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को पूरी दुनिया ने सराहा है। आतंकियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान बार-बार परमाणु बम की धमकी देता है।”

उन्होंने दावा किया कि भारत का डेलिगेशन अपने उद्देश्य में कामयाब हो रहा है। बोले, ” आतंकवाद को पनाह देने वाले देश को बेनकाब करने के लिए हमारे सांसद विदेशी दौरे पर हैं। जिन-जिन देशों में हमारा प्रतिनिधिमंडल जा रहा है, वहां की सरकार और लोग हमारे साथ हैं। आतंकवाद के खिलाफ पीएम मोदी की जीरो टॉलरेंस की नीति है। पूरी दुनिया भारत के नीति के साथ खड़ी है।”

नीति आयोग की बैठक में पीएम मोदी की ओर से 2047 तक भारत को विकसित बनाने का एजेंडा पेश किए जाने पर केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा, ” पीएम मोदी का संकल्प 2047 तक विकसित भारत का है और भारत जापान को पीछे छोड़ चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है। जापान जो तकनीक के मामले में बहुत आगे है और उसे पीछे छोड़ना भारत के लिए एक सुखद संदेश है। आने वाले वर्षों में हम तीसरी अर्थव्यवस्था भी बनेंगे। पीएम मोदी ने जो भी संकल्प लिए हैं पूरे होंगे। गांव से लेकर शहर तक सभी लोगों का एक ही मकसद है कि विकसित भारत 2047। हमें उम्मीद है कि हम इसे वक्त से पहले हासिल कर लेंगे।”

बैजयंत पांडा के नेतृत्व में बहरीन की सफल यात्रा के बाद कुवैत पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

कुवैत सिटी, 26 मई (वेब वार्ता)। बहरीन में अपनी सफल यात्रा पूरी करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कुवैत पहुंचा। यह दो दिवसीय यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत की आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को रेखांकित करना है।

कुवैत में भारत के राजदूत आदर्श स्वैका ने एयरपोर्ट पर बैजयंत पांडा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कुवैत पहुंचा, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत का दृढ़ संदेश लेकर आया है।”

इससे पहले, कुवैत में भारतीय दूतावास ने एक अन्य एक्स पोस्ट में लिखा, “पहलगाम आतंकवादी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, आतंक के खिलाफ लड़ाई, कभी मत भूलो कभी मत माफ करो।”

बहरीन में भारतीय दूतावास ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, “बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन की अपनी सफल यात्रा पूरी की। भारत अपने मित्र बहरीन को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता है।”

इस पोस्ट को भाजपा नेता पांडा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी साझा किया। बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, भाजपा सांसद फंगनन कोन्याक, भाजपा सांसद रेखा शर्मा, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के सांसद असदुद्दीन ओवैसी, भाजपा सांसद सतनाम सिंह संधू, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और पूर्व भारतीय राजनयिक हर्ष श्रृंगला शामिल हैं।

इससे पहले अपनी यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन के कई वर्गों से बातचीत की और उन्हें 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ उसकी व्यापक लड़ाई के बारे में जानकारी दी।

भाजपा नेता बैजयंत पांडा ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारत की सहिष्णुता और सह-अस्तित्व की भावना किंग हमाद ग्लोबल सेंटर फॉर कोएक्सिस्टेंस एंड टॉलरेंस में हमारी चर्चा का केंद्र थी। हमने भारत-बहरीन के मजबूत रिश्तों को और मजबूत करने के लिए विचार साझा किए।”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “भारत और बहरीन के बीच गहरी साझेदारी है। बहरीन के प्रथम उप सभापति अब्दुल नबी सलमान अहमद के साथ हमने संबंधों को और गहरा करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख पर चर्चा की।”

भारतीय दूतावास ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन के उप प्रधानमंत्री शेख खालिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर के महत्व और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पर चर्चा की।

भारतीय दूतावास ने प्रेस बयान में कहा, “प्रतिनिधिमंडल ने शूरा परिषद के अध्यक्ष अली बिन सालेह अल सालेह और प्रतिनिधि परिषद के प्रथम उपसभापति अब्दुल नबी सलमान अहमद को भी जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने 22 अप्रैल को कश्मीर में पर्यटकों पर हुए बर्बर आतंकवादी हमले के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर पर प्रकाश डाला।”

प्रतिनिधिमंडलों के सात समूह सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, अल्जीरिया, यूके, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली, डेनमार्क, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया, जापान, सिंगापुर, यूएई, लाइबेरिया, कांगो, सिएरा लियोन, अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील, कोलंबिया, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया, रूस, मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर रहे हैं।

गुयाना के उप राष्ट्रपति भरत जगदेव बोले, ‘हमारा देश पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है’

जॉर्जटाउन, 26 मई (वेब वार्ता)। गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव ने रविवार को यहां आए भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि गुयाना पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है।

शशि थरूर के नेतृत्व में सांसदों की टीम के साथ बैठक के बाद जगदेव ने कहा, “हम आतंकवाद के खिलाफ हैं और हमारा मानना है कि आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने वाले सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “यह एक उत्कृष्ट यात्रा थी और मैंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि गुयाना पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है।”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह एक “उत्कृष्ट बैठक” थी। उन्होंने कहा कि गुयाना के उपराष्ट्रपति भारत जगदेव ने “हाल की घटनाओं के मद्देनजर भारत की चिंताओं के प्रति गहरी सहानुभूति और समझ” व्यक्त की।

आतंकवाद के खिलाफ राजनीतिक स्पेक्ट्रम में राष्ट्रीय एकता पर जोर देते हुए, टीम का नेतृत्व विपक्षी कांग्रेस पार्टी के थरूर कर रहे हैं और इसमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की शांभवी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरफराज अहमद और शिवसेना के मिलिंद मुरली देवड़ा के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के शशांक मणि त्रिपाठी, भुवनेश्वर कलिता और तेजस्वी सूर्या और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी के जीएम हरीश बालयोगी शामिल हैं।

गुयाना में मौजूद प्रतिनिधिमंडल संसद सदस्यों के उन सात दलों में से एक है, जो पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ द्वारा पहलगाम में किए गए आतंकवादी हमले के बाद भारत की स्थिति से अवगत कराने के लिए दुनिया भर में जा रहे हैं।

भारत के ऑपरेशन सिंदूर में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करने के बाद, पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया, जिसमें मंदिरों, गुरुद्वारों और एक कॉन्वेंट सहित पूजा स्थलों और एक चिकित्सा सुविधा जैसे नागरिक लक्ष्यों को भी निशाना बनाया गया, इससे संघर्ष बढ़ गया।

थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय प्रवासियों के साथ बैठक की। भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या ने एक्स पर कहा, “जॉर्जटाउन, गुयाना में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने हमारे संसदीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।”

उन्होंने लिखा, “हमने आर्ट ऑफ लिविंग, इस्कॉन और ब्रह्माकुमारीज जैसे कई आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। वे यहां भारतीय समुदाय के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आधार हैं।”

गुयाना के उपराष्ट्रपति जगदेव के साथ बैठक के दौरान थरूर ने कहा कि भारत और गुयाना के बीच आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा हुई। गुयाना एक तेजी से विकासशील देश है, जिसकी उन्नति उसके जलक्षेत्र में तेल की खोज से प्रेरित है।

उन्होंने एक्स पर कहा, “हमारी बातचीत में गुयाना की रिकॉर्ड तोड़ 30 प्रतिशत वार्षिक आर्थिक वृद्धि और तेल व गैस की खोज के बाद विकास योजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।”

राजधानी जॉर्जटाउन में भारतीय उच्चायुक्त ने एक्स पर कहा कि “सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने पहलगाम, ऑपरेशन सिंदूर और सिंधु जल संधि पर भारत की स्थिति को विस्तार से बताया, और आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को रेखांकित किया।”

विदेश मंत्री जयशंकर ने पहली बार कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से की बात

नई दिल्ली, 26 मई (वेब वार्ता)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पहली बार कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और कनाडा के बीच रिश्ते बेहतर बनाने पर चर्चा की।

अनीता आनंद ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भारत-कनाडा संबंधों पर उपयोगी बातचीत के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “कनाडा और भारत के रिश्ते मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और हमारी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर आज हुई उपयोगी बातचीत के लिए मंत्री डॉ. जयशंकर का धन्यवाद। मैं आगे भी मिलकर काम करने की उम्मीद करती हूं।”

इसके थोड़ी देर बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी रविवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर अनीता आनंद से हुई बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस बातचीत में भारत और कनाडा के रिश्तों की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से हुई बातचीत सराहनीय रही। हमने भारत-कनाडा रिश्तों की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।

भारतीय मूल की 58 साल की सांसद अनीता आनंद को इस महीने की शुरुआत में कनाडा की नई विदेश मंत्री नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति तब हुई जब प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कैबिनेट में बदलाव की घोषणा की। यह फेरबदल लिबरल पार्टी की संसद चुनावों में जीत के करीब दो हफ्ते बाद किया गया।

14 मई को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अनीता आनंद को कनाडा की विदेश मंत्री बनने पर बधाई दी।

चुनाव से पहले अनीता आनंद कनाडा की नवाचार, विज्ञान और उद्योग मंत्री थीं। इससे पहले वह रक्षा मंत्री समेत कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। उन्होंने मेलानी जोली की जगह ली है, जो अब कनाडा की उद्योग मंत्री हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद कनाडा का प्रधानमंत्री चुने जाने पर मार्क कार्नी को बधाई दी थी।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और कनाडा के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर जोर दिया और कहा कि वे दोनों देशों के लिए “और ज्यादा अवसर खोलने” के लिए उत्साहित हैं।

गाजियाबाद में अपराधी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर हमला, कांस्टेबल की मौत

गाजियाबाद, 26 मई (वेब वार्ता)। उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार देर रात शातिर बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। फायरिंग में 25 साल के कांस्टेबल की मौत हो गई।

मामला मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव का है। यहां देर रात कादिर नाम के अपराधी को पकड़ने के लिए नोएडा पुलिस गई थी। इसी दौरान बदमाश के परिजनों और उसके साथियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी कांस्टेबल सौरभ को लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “25 मई को थाना मसूरी को सूचना मिली कि थाना मसूरी के ग्राम नाहल में गौतमबुद्धनगर के एक आरक्षी सौरभ को गोली लग गई है, जिसे टीम यशोदा अस्पताल ले गई, जहां पर उसे डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।”

उन्होंने बताया, “पुलिस टीम एक वांछित अभियुक्त कादिर की गिरफ्तारी के लिए आई थी। कादिर नाहल का रहने वाला था। घटना में थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन की ओर से एक तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।”

रविवार की देर शाम नोएडा की क्राइम ब्रांच और फेस तृतीय थाना पुलिस ने बदमाश कादिर को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। टीम ने कादिर को उसके घर से गिरफ्तार भी कर लिया था।

इसी बीच कादिर के साथियों और परिजनों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी और पथराव कर दिया, जिसमें सिपाही सौरभ देशवाल के सिर में गोली लग गई। घायल को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।