महिला सशक्तिकरण मेरे दिल के बहुत करीब: मानुषी छिल्लर..

मुंबई, 13 अक्टूबर हाल ही में जयपुर में आयोजित एक इवेंट में मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने भाग लिया। इस इवेंट को इंडियन रैवेन्यू सर्विस (आईआरएस) की वीमेन विंग, आईआरएसएलए द्वारा आयोजित किया गया था। इवेंट में उन्होंने महिला आईआरएस अधिकारियों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और जीवन लक्ष्यों के निर्धारण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि एक महिला की सफलता में परिवार की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है। मीडिया से बातचीत करते हुए मानुषी ने कहा, “महिला सशक्तिकरण मेरे दिल के बहुत करीब है।
मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ है जो एक महिला नहीं कर सकती, लेकिन उन्हें बस सही दिशा और सही प्लेटफॉर्म की ज़रूरत है। मैं यहाँ आकर खुश हूँ। मैं आज हमारे देश में इतनी सारी महिला अधिकारियों को देखकर बहुत खुश हूँ। मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे देखेंगे और प्रेरित होंगे कि वे सही तरह के सपोर्ट के साथ कुछ भी कर सकते हैं।”इवेंट में कई प्रमुख हस्तियाँ उपस्थित थीं, जिनमें मीनाक्षी रंगा, रेणु अमिताभ, महेंद्र रंगा, राजेश ढींगरा और सीके जैन शामिल थे। बता दें कि मानुषी छिल्लर हमेशा महिला सशक्तिकरण की हिमायत करती रही हैं। उन्होंने अपने सीएसआर प्रोजेक्ट ‘शक्ति’ के माध्यम से मेंस्ट्रुअल हाइजीन एजुकेशन और एक्सेसिबिलिटी के लिए एक महत्वपूर्ण मूवमेंट शुरू किया, जिसने अनगिनत महिलाओं के जीवन को प्रभावित किया है।
इसके अलावा, वह खूबसूरती को अच्छाई के लिए एक शक्ति के रूप में उपयोग करने की अपनी विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। ब्यूटी क्वीन से एक्ट्रेस बनी मानुषी अपने आगामी प्रोजेक्ट्स से भी दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। वह जॉन अब्राहम के साथ फिल्म ‘तेहरान’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। हाल ही में, उन्हें एक प्रतिष्ठित इवेंट में ट्रेलब्लेज़िंग स्टार ऑफ़ द ईयर अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal