पाकिस्तान के पासपोर्ट को नीचे से चौथा स्थान, यमन और सोमालिया के साथ मिली जगह…

इस्लामाबाद, 25 जुलाई । पाकिस्तान के पासपोर्ट ने मौजूदा साल यानी 2025 में नीचे से चौथा नंबर हासिल किया है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में पाकिस्तान के पासपोर्ट से नीचे सिर्फ तीन देशों के पासपोर्ट हैं, जो हिंसा और गृहयुद्ध से घिरे हुए हैं। पाकिस्तानी पासपोर्ट धारकों को 32 देशों में वीजा ऑन अराइवल मिलता है। यानी इन देशों में पाकिस्तानी बिना पहले से वीजा लिए जा सकते हैं। हालांकि इन देशों में दुनिया के प्रमुख देशों का नाम नहीं है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की 2025 की वैश्विक रैंकिंग में पाकिस्तान का पासपोर्ट दुनिया में चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट है। पाकिस्तानी पासपोर्ट को यमन और सोमालिया के साथ 96वें स्थान पर रखा गया है। पाकिस्तान से नीचे केवल तीन देश हैं। इनमें इराक (97वें), सीरिया (98वें) और अफगानिस्तान (99वें) नंबर पर है।
भारत ने लगाई छलांग
भारत को इस इंडेक्स में 77वां नंबर मिला है। भारत ने पिछले छह महीनों में रैंकिंग में सबसे बड़ी छलांग लगाई है। भारत का पासपोर्ट 85वें से आठ स्थान चढ़कर 77वें स्थान पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के खास दोस्त पड़ोसी देश चीन को 60वें और ईरानी पासपोर्ट को 91वें स्थान पर रखा गया हैं। इस इंडेक्स में सिंगापुर का पासपोर्ट सबसे ज्यादा ताकतवर है। सिंगुपार पासपोर्ट को दुनिया के193 गंतव्यों तक वीजा फ्री पहुंच मिलती है। इस सूचकांक में सिंगापुर के बाद जापान और दक्षिण कोरिया दूसरे स्थान पर हैं। सात यूरोपीय पासपोर्ट तीसरे स्थान पर हैं। ये देश- डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इटली और स्पेन हैं।
ब्रिटेन-अमेरिका के पासपोर्ट में गिरावट
इसके बाद सात देशों का एक और यूरोपीय समूह संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर है। ये देश हैं- ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, लक्जमबर्ग, नीदरलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल और स्वीडन। न्यूजीलैंड ग्रीस और स्विट्जरलैंड पांचवें स्थान पर है। ब्रिटेन और अमेरिका की पासपोर्ट रैंकिंग में गिरावट देखी गई है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट रह चुके ब्रिटेन और अमेरिका अब छठे और दसवें स्थान पर हैं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) लगातार अपना दम दिखा रहा है। यूएई पासपोर्ट पिछले 10 वर्षों में 42वें से 8वें स्थान पर पहुंच गया है।
ब्रिटेन स्थित कंसल्टेंसी फर्म हेनले एंड पार्टनर्स 199 पासपोर्ट को उन गंतव्यों की संख्या के आधार पर रैंक करता है, जहां उनके धारक बिना पूर्व वीजा के प्रवेश कर सकते हैं। यह सूचकांक अंतर्राष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (आईएटीए) के आंकड़ों का उपयोग करता है। इसे पासपोर्ट की मजबूती का सबसे प्रामाणिक माप माना जाता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal