वियतनाम और थाईलैंड में बाढ़ एवं भूस्खलन, कम से कम आठ लोगों की मौत…

हनोई, 28 अगस्त। दक्षिणपूर्व एशिया के कई हिस्सों में एक उष्टकटिबंधीय तूफान के बाद बुधवार को भारी बारिश के कारण आयी बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी।
सरकारी मीडिया के अनुसार, वियतनाम के उत्तरी और मध्य प्रांतों में बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो गई, एक व्यक्ति लापता है और 34 लोग घायल हुए हैं।
देश के उत्तरपूर्वी हिस्सों में रातभर में करीब 20 सेंटीमीटर (आठ इंच) बारिश दर्ज की गई। नदियों के किनारे बसे कुछ इलाकों में अब भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
थाईलैंड के उत्तरी शहर चियांग माई में भूस्खलन के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य लापता है।
थाईलैंड के आपदा रोकथाम विभाग ने बताया कि उत्तरी प्रांतों में कई घर बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं और कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
मौसम विभाग ने उत्तरी और उत्तरपूर्वी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए निचले इलाकों और नदी किनारे बसे लोगों को अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर सावधान रहने को कहा है।
उष्णकटिबंधीय तूफान कजिकी ने सोमवार को वियतनाम के मध्य हिस्से में तट पर दस्तक दी थी जिसके बाद हजारों लोगों को जोखिम भरे इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
इससे पहले इस तूफान के कारण चीन के हैनान द्वीप पर तेज हवाएं चली थीं और बारिश आयी थी।
वैज्ञानिकों ने 2024 में प्रकाशित एक अध्ययन में चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र के गर्म होने से दक्षिणपूर्व एशिया में चक्रवात भूमि के करीब बनेंगे, तेजी से शक्तिशाली होंगे और अधिक समय तक बने रहेंगे, जिससे शहरों पर जोखिम बढ़ेगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal