Wednesday , October 7 2026

मोरक्को में स्वास्थ्य सेवा में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन में तीन लोगों की मौत..

मोरक्को में स्वास्थ्य सेवा में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन में तीन लोगों की मौत..

रबात, 04 अक्टूबर । मोरक्को के अगाडिर के पास स्वास्थ्य सेवा में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन लोगों की मौत हुयी है।

यह जानकारी मोरक्को के गृह मंत्रालय ने गुरुवार को दी। मंत्रालय के प्रवक्ता रशीद अल खल्फी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने बुधवार रात अगाडिर के दक्षिण में लेक्लिया शहर में रॉयल जेंडरमेरी स्टेशन से हथियार और गोला-बारूद लूटने करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को अपना बचाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसके कारण ये मौतें हुईं।

मोरक्को के प्रधानमंत्री अज़ीज़ अखन्नौच ने इन मौतों पर खेद व्यक्त किया है और घोषणा की है कि सरकार युवाओं द्वारा उठाई गई मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देगी।

इस अशांति के जवाब में मोरक्को के मंत्रिमंडल ने गुरुवार को कहा कि वह शहरी नियोजन नियमों को कड़ा करने और स्वास्थ्य क्षेत्र के पुनर्गठन के उद्देश्य से कई कानूनी और नियामक सुधारों की तैयारी कर रहा है।

सरकार के वादों के बावजूद मोरक्को भर में शुरू हुए विरोध प्रदर्शन जारी हैं। लगभग 50 प्रदर्शनकारियों को गुरुवार रात रबात शहर के केंद्र में एवेन्यू फ्रांस के पास एक चौराहे परनारे लगाते हुए देखा गया। इस दौरान लगभग 20 सुरक्षा वाहन खड़े थे और लगभग 100 अधिकारी पास में पहरा दे रहे थे। एक महिला प्रदर्शनकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “हम बदलाव चाहते हैं और अपनी आवाज़ बुलंद करना चाहते हैं।”

गौरतलब है कि अगाडिर के एक सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान कम से कम आठ महिलाओं की मौत के बाद ये प्रदर्शन शुरू हुए, जिससे व्यापक जन आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में बड़े सुधारों की मांग की है और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार के बजाय 2030 फीफा विश्व कप और 2025 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर खर्च को प्राथमिकता देने के लिए सरकार की आलोचना की है।

सियासी मियार की रीपोर्ट