Sunday , November 23 2025

पेरू के नये राष्ट्रपति ने इस्तीफा देने से किया इनकार, जेनरेशन जेड आंदोलन के बाद बढ़ी राजनीतिक अशांति

पेरू के नये राष्ट्रपति ने इस्तीफा देने से किया इनकार, जेनरेशन जेड आंदोलन के बाद बढ़ी राजनीतिक अशांति

पेरू में चल रहे जेनरेशन जेड विरोध आंदोलनों के बीच राष्ट्रपति जोस जेरी ने पद छोड़ने से साफ मना कर दिया है। राजधानी लिमा में प्रदर्शनों के दौरान एक प्रसिद्ध रैपर एवं प्रदर्शनकारी की मृत्यु हो गई, जिसने देशव्यापी असंतोष को और गहरा कर दिया है। सरकार ने गुरुवार देर रात राजधानी में आपातकाल लागू करने का निर्णय लिया और अभियोजकों ने मौत की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रमुख जनरल ऑस्कर अरिओला के अनुसार, पुलिसकर्मी लुइस मगालानेस को गोली चलाने का दोषी माना गया है। उसे हिरासत में लेने के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया गया। बताया गया कि मगालानेस को हिंसा का सामना करने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुधवार को हजारों प्रदर्शनकारी देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों पर उतर आए, जिनमें सैकड़ों लोगों ने संसद के बाहर पुलिस से भिड़ंत की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हाल में नियुक्त जेरी, जो पिछले एक दशक में सातवें राष्ट्रपति बनें, अपने पद से इस्तीफा दें। इन आंदोलनों की शुरुआत बेहतर पेंशन और युवाओं के लिए वेतन वृद्धि की मांगों से हुई थी, लेकिन बीते दिनों भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध को लेकर व्यापक नाराजगी मुखर हो गई। इस असंतोष ने हाल ही में पूर्व राष्ट्रपति दीना बोलुआरते को पदच्युत करने तक का रूप ले लिया।

राष्ट्रपति जेरी ने संसद का दौरा करने के बाद स्थानीय मीडिया से कहा, “मेरा दायित्व देश में स्थिरता कायम रखना है, यही मेरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता है।” उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए संसद से विशेष अधिकारों की मांग करने की भी घोषणा की। साथ ही, सोशल मीडिया पर उन्होंने प्रदर्शनकारी रैपर एडुआर्डो रूइज़ की मृत्यु पर शोक जताया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। जेरी ने कहा कि “शांतिपूर्ण प्रदर्शन में घुसी असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ा” और दोषियों पर कानून का सख्त पहरा रहेगा।

लिमा से रिपोर्टिंग कर रही संवाददाता मारियाना सांचेज के अनुसार, रुइज़ की मृत्यु ने देश की लगातार राजनीतिक अस्थिरता में एक और बड़ी चुनौती जोड़ दी है और भ्रष्टाचार तथा असुरक्षा के मुद्दों को लेकर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।

मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, एडुआर्डो रुइज़ की मृत्यु स्थल से महत्वपूर्ण ऑडियो-विजुअल और बैलिस्टिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। अभियोजन विभाग ने उनके शव को लिमा अस्पताल से कब्जे में लेकर कानूनन कार्रवाई शुरू कर दी है। वर्तमान गृहमंत्री विसेंटे तिबर्सियो ने जानकारी दी कि बुधवार के प्रदर्शन में 89 पुलिसकर्मी और 22 नागरिक घायल हुए हैं, जबकि 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

सियासी मियार की रिपोर्ट