मुझे या मेरी बीवी बुशरा को कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार आसिम मुनीर होंगे
-एक साल पहले इमरान खान ने अखबार के जरिए कही थी यह बात

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर अटकलों का दौर जारी है। इमरान की मौत की अफवाहों के बीच जेल प्रशासन ने उनके सलामत होने की बात कही है। इसी बीच इमरान खान के बेटे ने उनके जीवित होने के सबूत मांगे हैं। खास बात है कि इमरान पहले दावा कर चुके हैं कि अगर उन्हें कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जेल अधिकारियों ने कहा है कि इमरान खान पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनके स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अफवाहों को भी खारिज किया। अदियाला जेल प्रशासन ने एक बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के नेतृत्व को इमरान खान के स्वास्थ्य के बारे में सूचित कर दिया गया है। इमरान खान को जेल में सभी जरुरी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। जेल अधिकारियों ने बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर इमरान की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में किए जा रहे दावों में कोई सच्चाई नहीं है। अदियाला जेल प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि इमरान खान को अदियाला जेल से स्थानांतरित करने की खबरें भी निराधार हैं।
एक अखबार के जरिए इमरान खान ने मुनीर पर सवाल उठाए थे। 2 मई 2024 में प्रकाशित लेख के मुताबिक सेना ने वो सबकुछ किया जो वो कर सकते हैं। अब सिर्फ मेरी हत्या करना बाकी है। मैंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि मुझे या मेरी बीवी को कुछ होता है, तो जनरल आसिम मुनीर उसके जिम्मेदार होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस साल जुलाई में इमरान ने लिखा था, हाल के दिनों में, जेल में मेरे साथ होने वाला कठोर व्यवहार और बढ़ गया है। यही रवैया मेरी पत्नी बुशरा बीबी के खिलाफ भी अपनाया जा रहा है। यहां तक कि उनकी कोठरी का टीवी भी बंद कर दिया गया है। हम दोनों के सभी बुनियादी अधिकार चाहे वे मानवीय हों या कैदियों को दी गई कानूनी निलंबित कर दिए गए हैं।
इमरान खान के छोटे बेटे कासिम खान ने कहा कि उनके पिता को गिरफ्तार हुए 845 दिन हो गए हैं। बीते 6 हफ्तों से उन्हें पारदर्शिता के बगैर डेथ सेल में अकेला रखा गया है। उनकी बहनों को मिलने नहीं दिया जा रहा। जबकि, कोर्ट के आदेश में अनुमति की बात कही गई है। कोई फोन कॉल नहीं, कोई मीटिंग नहीं और जीवित होने का कोई सबूत नहीं है…।
सीएसी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal