Tuesday , March 17 2026

नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमला, ट्रंप का दावा

नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमला, ट्रंप का दावा

वॉशिंगटन/अबुजा, 27 दिसंबर । अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े आतंकियों के खिलाफ हवाई हमले किए हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह दावा किया। ट्रंप ने कहा कि ये हमले उन आतंकियों को निशाना बनाकर किए गए हैं, जो लंबे समय से ईसाई समुदायों पर हिंसक हमले कर रहे थे।

ट्रंप ने अपने बयान में कहा, “मेरे निर्देश पर अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में आईएसआईएस आतंकियों के खिलाफ घातक और सटीक हमले किए हैं। ये आतंकी मुख्य रूप से निर्दोष ईसाइयों की निर्मम हत्या कर रहे थे।” उन्होंने यह भी कहा कि पहले ही चेतावनी दी गई थी कि अगर ईसाइयों पर हमले नहीं रुके तो कड़ी कार्रवाई होगी। अमेरिकी अफ्रीका कमांड के अनुसार, यह हवाई हमला नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में नाइजीरियाई सरकार के सहयोग से किया गया। पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ ने नाइजीरिया सरकार के सहयोग और समर्थन के लिए आभार जताया है। वहीं, नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले अमेरिका और नाइजीरिया के बीच चल रहे सुरक्षा सहयोग का हिस्सा हैं। मंत्रालय के अनुसार, खुफिया जानकारी साझा करने और रणनीतिक समन्वय के तहत आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए गए हैं। गौरतलब है कि नाइजीरिया में लंबे समय से आतंकी संगठन बोको हराम और इस्लामिक स्टेट से जुड़े गुट सक्रिय हैं, जिन पर ईसाई समुदायों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट