Thursday , August 27 2026

जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 11 फीसदी बढ़कर 7,629 करोड़ पहुंचा -ग्राहक आधार में तेजी, डिजिटल सेवाओं का विस्तार और बेहतर मार्जिन से जियो को फायदा…

जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 11 फीसदी बढ़कर 7,629 करोड़ पहुंचा -ग्राहक आधार में तेजी, डिजिटल सेवाओं का विस्तार और बेहतर मार्जिन से जियो को फायदा…

नई दिल्ली, 18 जनवरी । भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता रिलायंस जियो का संचालन करने वाली जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ इस तिमाही में 7,629 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11.2 फीसदी अधिक है। कंपनी ने बताया कि यह वृद्धि मुख्य रूप से तेज ग्राहक जोड़ने, प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) में सुधार और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के कारण संभव हो पाई है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का कुल राजस्व 43,683 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। तिमाही आधार पर राजस्व में 2.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, कंपनी का एबिटा सालाना आधार पर 16.4 फीसदी बढ़कर 19,303 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके साथ ही, मार्जिन में 170 आधार अंकों का सुधार दर्ज किया गया है। कंपनी जुलाई तक अपना आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है, जिससे निवेशकों की नजरें जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं। इसी अवधि में रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) ने भी संतुलित प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2.1 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3,558 करोड़ रुपये रहा। परिचालन से एबिटा 2.1 फीसदी बढ़कर 6,770 करोड़ रुपये हो गया। आरआरवीएल का परिचालन राजस्व 86,951 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 9.2 फीसदी अधिक है, जबकि सकल राजस्व 97,605 करोड़ रुपये रहा, जिसमें 8.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 3.5 फीसदी और परिचालन राजस्व 9.9 फीसदी बढ़ा।

सियासी मियार की रीपोर्ट