पुतिन-शी ने आर्थिक सहयोग, अमेरिका से रिश्तों और वैश्विक हालात पर चर्चा की

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की और दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग तथा अमेरिका के साथ संबंधों पर चर्चा की।
पुतिन ने इस साल चीन की यात्रा का निमंत्रण भी स्वीकार किया।
पुतिन और चिनफिंग के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब शी और पश्चिमी देशों के नेताओं के बीच कई बैठकें हो रही हैं। ये नेता यूक्रेन युद्ध को लेकर मतभेदों के बावजूद चीन के साथ रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
यूरोपीय नेता वर्षों से चीन पर रूस को दिए जा रहे समर्थन को समाप्त करने का दबाव बना रहे हैं, वहीं चीन रूस का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है।
रूसी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित अपने शुरुआती संबोधन में पुतिन ने कहा, ‘‘ मैं एक बार फिर यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारे देशों की संप्रभुता और सुरक्षा, लोगों की सामाजिक-आर्थिक भलाई और अपने विकास का रास्ता खुद चुनने के हमारे साझा प्रयासों को मेरा दृढ़ समर्थन है।’’
पुतिन ने कहा, ‘‘दुनिया में बढ़ती उथल-पुथल के बीच रूस और चीन के बीच विदेश नीति का तालमेल स्थिरता लाने वाला एक महत्वपूर्ण कारक बना हुआ है।’’
वहीं शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि वह और पुतिन द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा करेंगे और ‘बड़े रणनीतिक मुद्दों’ पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों को ‘ऐतिहासिक अवसर’ का उपयोग करते हुए रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहिए।
चीनी सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ की एक खबर में बताया गया कि शी ने बुधवार को वसंत ऋतु का पहला दिन बताते हुए कहा कि नए आरंभ का प्रतीक माने जाने वाले इस दिन वह पुतिन के साथ मिलकर “चीन-रूस संबंधों का एक नया खाका” तैयार करना चाहते हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal