प्रधानमंत्री मोदी के वडोदरा संयंत्र से पहले टाटा-एयरबस विमान के आपूर्ति समारोह में शामिल होने की संभावना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के टाटा-एयरबस की वडोदरा ‘असेंबली लाइन’ से रक्षा मंत्रालय को एक सैन्य परिवहन विमान की आपूर्ति किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।
यह आपूर्ति वर्ष की दूसरी छमाही में की जा सकती है।
एयरबस के अध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय) और कार्यकारी समिति के सदस्य वाउटर वान वर्श ने बुधवार को ‘सिंगापुर एयरशो’ में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह जानकारी दी और कहा कि सैन्य परिवहन विमान ‘सी295’ टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस के संयुक्त उद्यम वडोदरा असेंबली लाइन से निकला पहला ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद होगा।
‘सी295’ के विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले 70 प्रतिशत घटक भारत से लिए गए हैं जबकि 30 प्रतिशत आयातित हैं। इनमें कनेक्टिकट मुख्यालय वाली प्रैट एंड व्हिटनी का इंजन लगा है।
वडोदरा संयंत्र से रक्षा मंत्रालय के साथ हुए अनुबंध के तहत बनने वाले 56 विमान में से 40 विमान भारतीय वायुसेना को सौंपे जाने की उम्मीद है। अब तक 16 विमान एयरबस की स्पेन स्थित इकाई से आपूर्ति किए जा चुके हैं।
वान वर्श ने कहा, ‘‘ यह एक बड़ा कदम है। बाकी सभी विमान भारत की ‘असेंबली लाइन’ से आएंगे।’’
उन्होंने कहा कि भविष्य में वडोदरा संयंत्र से क्षेत्रीय बाजारों को भी विमान आपूर्ति किए जाने की उम्मीद है।
वान वर्श ने कहा, ‘‘ पिछले कुछ वर्ष में भारत में हमारी मजबूत वृद्धि हुई है और हमने इंजीनियरिंग तथा डिजिटल के लिहाज से भारत को अपने प्रमुख केंद्रों में शामिल किया है।’’
उन्होंने बताया कि एयरबस का बेंगलुरु परिचालन अब बड़े परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है।
वर्श ने भारत तथा भारतीय प्रतिभाओं के साथ कंपनी के मजबूत और लगातार बढ़ते संबंधों को रेखांकित किया और कहा कि दिल्ली कार्यालय सहित देश में बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्य किया जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal