सलमान अपने सीनियर्स का हमेशा रखते हैं ध्यान : सुभाष घई
हाल ही में बॉलीवुड के दबंग भाईजान यानि की अभिनेता सलमान खान की मशहूर फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने जमकर तारीफ की। उन्होंने सलमान को विनम्र, जमीन से जुड़े और बड़े दिल वाले व्यक्ति बताया। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए सुभाष ने सलमान के अपने सीनियर्स के प्रति सम्मान और उनके व्यवहार की खूबियों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि सलमान अपने सीनियर्स का हमेशा ध्यान रखते हैं और उनके प्रति सम्मान का भाव हर कदम पर दिखाई देता है। सुभाष ने इस अवसर पर अपने साथ सलमान खान और जैकी श्रॉफ की एक तस्वीर भी साझा की।
पोस्ट में सुभाष ने लिखा, सलमान खान वाकई बहुत ही विनम्र और बड़े दिल वाले सितारे हैं। जैसे ही मैंने उन्हें मैसेज भेजकर प्रिय दोस्त जैकी श्रॉफ के जन्मदिन की छोटी-सी शाम में आने का निमंत्रण दिया, उन्होंने सरप्राइज देते हुए अपने घर आकर उस शाम को और भी खास बना दिया। धन्यवाद सलमान, हमेशा खुश रहें। जानकारी के अनुसार 1 फरवरी को जैकी श्रॉफ का जन्मदिन उनके दोस्तों और इंडस्ट्री के अन्य सेलेब्स के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर सलमान की मौजूदगी ने समारोह की यादगार बनावट को और बढ़ा दिया। सुभाष घई की इस तारीफ ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी है और फैंस सलमान के विनम्र व्यक्तित्व की सराहना कर रहे हैं।
सलमान खान जल्द ही आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में हुए भारत-चीन संघर्ष पर आधारित एक ऐतिहासिक वॉर ड्रामा है। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा जेन शॉ, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी, हीरा सोहल और विपिन भारद्वाज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म में दर्शकों को भारतीय सैनिकों की वीरता और संघर्ष का बारीकी से चित्रण देखने को मिलेगा। ‘बैटल ऑफ गलवान’ के मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का गाना ‘मातृभूमि’ और टीजर जारी किया है, जो फिल्म के भाव और रोमांच को दर्शाता है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal