Sunday , February 15 2026

शेयर बाजारों में लगातार दूसरी गिरावट, प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी टूटे

शेयर बाजारों में लगातार दूसरी गिरावट, प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी टूटे

मुंबई, 14 फरवरी विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी नीचे बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,048.16 अंक (1.25 प्रतिशत) लुढ़ककर 82,626.76 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 336.10 अंक यानी 1.30 प्रतिशत टूटकर 25,471.10 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 02 फरवरी के बाद का निचला स्तर है।

मझौली और छोटी कंपनियों पर ज्यादा दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.69 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.79 फीसदी गिर गया।

आईटी, एफएमसीजी, धातु, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समेत सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। आईटी कंपनियों में सुबह तेज गिरावट थी, लेकिन बाद में उनमें काफी सुधार हुआ।

एनएसई में जिन 3,248 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,387 के शेयर लाल निशान में और 762 के हरे निशान में रहे। अन्य 99 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 28 के शेयर गिरावट में बंद हुए। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर सबसे अधिक 4.35 प्रतिशत टूटा। इटरनल का शेयर 4.26 फीसदी, टाटा स्टील का 2.35, टाइटन का 2.23, टीसीएस का 2.17, पावरग्रिड का 2.16 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.07 प्रतिशत गिर गया।

बीईएल का शेयर 1.90 प्रतिशत, एशियन पेंट्स का 1.88, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.64, एचडीएफसी बैंक का 1.61, अडानी पोर्ट्स का 1.58, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.43, एनटीपीसी का 1.40, इंफोसिस का 1.28, आईटीसी का 1.27, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.26, आईसीआईसीआई बैंक का 1.11 और इंडिगो का 1.08 फीसदी नीचे बंद हुआ। सनफार्मा, ट्रेंट, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और एलएंडटी के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

सिर्फ बजाज फाइनेंस (2.43 प्रतिशत) और भारतीय स्टेट बैंक (0.53 प्रतिशत) के शेयर ही हरे निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.72 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 प्रतिशत और जापान का निक्केई 1.21 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.09 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई इतनी ही बढ़त में था।

सियासी मियार की रीपोर्ट