कैंसर की जंग जीत रहीं हिना खान ने पति रॉकी और परिवार को बताया अपनी असली ताकत; बोलीं- ‘बीमारी का मतलब मौत नहीं, मैंने खुद को कभी मरीज नहीं माना’

लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री और कैंसर सर्वाइवर हिना खान हाल ही में मुंबई के सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल द्वारा आयोजित ऑन्कोलॉजी टाउनहॉल ‘इलुमिनेट 3.0’ में शामिल हुईं। इस मौके पर हिना ने बेहद सकारात्मक अंदाज में लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मंच से जोर देकर कहा कि कैंसर होने का मतलब जीवन का अंत नहीं है। यदि समय पर बीमारी की स्क्रीनिंग और सही जांच हो जाए, तो इस घातक बीमारी से भी लड़ा और जीता जा सकता है। उन्होंने अपनी रिकवरी का श्रेय आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और अनुभवी डॉक्टरों को दिया।
अपनी कठिन जर्नी को साझा करते हुए हिना खान भावुक हो गईं और बताया कि उनके पति रॉकी जायसवाल और उनके पूरे परिवार ने किस तरह एक ढाल बनकर उनका साथ दिया। हिना ने कहा, “शादी के बाद भी रॉकी का प्यार और देखभाल वैसी ही है, उनकी हिम्मत की वजह से ही मैं आज यहाँ खड़ी हूँ।” हिना ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उनके परिवार ने उन्हें कभी यह अहसास नहीं होने दिया कि वे किसी बड़ी बीमारी से जूझ रही हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने में मदद मिली।
हिना ने बताया कि उन्होंने कभी खुद को मरीज नहीं माना और आज वे अपनी मर्जी से जीवन जी रही हैं। उन्होंने कहा कि वे अब दुनिया भर में ट्रैवल कर रही हैं और वह सब खा रही हैं जो उनका मन करता है। हिना के मुताबिक, हर किसी का शरीर अलग होता है, इसलिए इलाज का असर भी अलग हो सकता है, लेकिन “आज में जीना” और “खुश रहना” सबसे बड़ी दवा है। उन्होंने स्वस्थ लोगों को भी सलाह दी कि वे हर पल को खुलकर जिएं, क्योंकि स्वास्थ्य के प्रति अनिश्चितता कभी भी आ सकती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal