‘पुलिस में शिकायत दर्ज करने का बहुत शौक है’, बॉलीवुड के इन अभिनेताओं को फिर मिली धमकी, जानें ऑडियो में और क्या कहा
अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्मकार रोहित शेट्टी को शुक्रवार को एक ऑडियो क्लिप के जरिए धमकी मिली, जिसमें प्रेषक ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ होने का दावा किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। रणवीर सिंह को इस हफ्ते दूसरी बार धमकी मिली है। वहीं, इस महीने की शुरुआत में मुंबई में शेट्टी के बहुमंजिला आवास पर पांच गोलियां चलाई गई थीं। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि ऑडियो क्लिप विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित हुई, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की। यह भी संदेह है कि देश भर में कई अन्य को भी इसी तरह की धमकियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज वास्तविक है या एआई उपकरण का इस्तेमाल करके बनाई गई। क्लिप में कथित तौर पर बोलने वाले व्यक्ति ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया, और शुक्रवार को अपने सहयोगी ‘सुनील मीणा’ के साथ ‘पुर्तगाल में मरीना ग्रांडे’ में एक दुकान पर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी ली।
इस हफ्ते की शुरुआत में सिंह के मैनेजर को व्हाट्सऐप के जरिए धमकी मिली थी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है। नयी धमकी में, ‘हैरी बॉक्सर’ ने कहा है कि बिश्नोई गिरोह सिंह से इस तरह निपटेगा कि उनकी ‘अगली सात पीढ़ियां इसे याद रखेंगी।’ क्लिप में कहा गया, ‘‘आपको लोगों को सलाह देने और पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए कहने का बहुत शौक है। आपने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोई बात नहीं।’
इसमें कहा गया, ‘हमारे पास हर मैनेजर और आपके साथ काम करने वाले हर व्यक्ति की पूरी जानकारी है। वे कहां रहते हैं, कब ऑफिस आते हैं। कब लौटते हैं। उनके परिवार कहां रहते हैं। हम आपको कुछ नहीं बताएंगे। हम आपके अधीन काम करने वाले लोगों को निशाना बनाना शुरू कर देंगे। तब आपको होश आएगा।’ अधिकारी ने बताया कि अब तक सिंह ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal