Thursday , February 26 2026

सोने का भाव 600 से ज्यादा टूटा, चांदी में 4,000 की गिरावट -वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं के भाव कमजोर….

सोने का भाव 600 से ज्यादा टूटा, चांदी में 4,000 की गिरावट -वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं के भाव कमजोर….

नई दिल्ली, 26 फरवरी। कीमती धातुओं के वायदा बाजार में गुरुवार को सुस्ती का माहौल देखने को मिला। घरेलू स्तर पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना और चांदी दोनों गिरावट के साथ खुले और कारोबार के दौरान भी दबाव में रहे। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 615 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछला बंद भाव 1,61,145 रुपये था। इस समय यह 468 रुपये की नरमी के साथ 1,60,677 रुपये पर कारोबार कर रहा था। सत्र के दौरान सोने ने 1,60,745 रुपये का उच्च और 1,60,516 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस वर्ष सोना 1,80,779 रुपये के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट 4,016 रुपये टूटकर 2,64,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछला बंद भाव 2,68,316 रुपये था। कारोबार के दौरान यह 3,516 रुपये की गिरावट के साथ 2,64,800 रुपये पर रहा। चांदी ने दिन में 2,64,930 रुपये का उच्च और 2,62,892 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है। वैश्विक बाजार में भी रुख कमजोर रहा। कॉमेक्स पर सोना 5,175.30 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जो पिछले बंद 5,226.20 डॉलर से कम है। बाद में यह करीब 25 डॉलर गिरकर 5,201.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। चांदी 88.92 डॉलर पर खुली और घटकर 88.68 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही। विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर की मजबूती और मुनाफावसूली से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

सियासी मियार की रीपोर्ट