ऑस्कर 2026: ‘सिनर्स’ के माइकल बी जॉर्डन और ‘हैमनेट’ की जेसी बकले ने जीता बेस्ट एक्टर और एक्ट्रेस का खिताब

98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ और ‘सिनर्स’ ने एक दूसरे को शानदार टक्कर दी है।
हालांकि बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड ‘सिनर्स’ के माइकल बी जॉर्डन और बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड ‘हैमनेट’ की जेसी बकले ने अपने नाम किया है। अभिनेता मंच पर अवॉर्ड लेते हुए भावुक नजर आए। खास बात यह है कि माइकल बी जॉर्डन का यह पहला ऑस्कर अवॉर्ड है।
बेस्ट एक्टर की रेस में माइकल बी. जॉर्डन ने टिमोथी चेलमेट, एथन हॉक, और लियोनार्डो डिकैप्रियो को पीछे छोड़ते पहला ऑस्कर अपने नाम किया है। मंच पर पहला अवॉर्ड मिलने के बाद अभिनेता भावुक दिखे, और उन्होंने मंच से ईश्वर को इस जीत के लिए शुक्रिया कहा और इसके साथ ही अपनी मां को भी संबोधित किया, जो अवॉर्ड फंक्शन में भी अपने पूरे परिवार के साथ मौजूद थी। अभिनेता ने कहा, “ईश्वर महान है।”
अपने दोस्त और फिल्म के निर्देशक रयान कूगलर का भी अभिनेता ने आभार प्रकट किया। उन्होंने मंच से कहा, “आपको अपना सहयोगी और मित्र कहना और मुझे मौका और मंच देना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मैं भी आपसे प्यार करता हूं।
इसके साथ ही बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब फिल्म ‘हैमनेट’ की जेसी बकले को मिला है। बकले का यह पहला ऑस्कर पुरस्कार है, जिसके लिए उन्होंने कई मजबूत अभिनेत्रियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की है। नॉमिनेशन की लिस्ट में ‘इफ आई हैड लेग्स आई वुड किक यू’ के लिए रोज़ बायरन, फिल्म ‘सॉन्ग संग ब्लू’ के लिए केट हडसन और फिल्म ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’ के लिए रेनेट रेइन्सवे शामिल थीं। इसी के साथ बकले सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर जीतने वाली पहली आयरिश महिला बन गई हैं।
मंच से अवॉर्ड लेते हुए अभिनेत्री खुशी दिखी और उन्होंने उन महिलाओं का दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने इस जर्नी में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, “मैं जिन अद्भुत महिलाओं के साथ खड़ी हूं, उन्हें धन्यवाद। मैं आपकी कला और आपके दिल से प्रेरित हूं, और मैं आप सभी के साथ काम करना चाहती हूं।”
जेसी बकले ने फिल्म में नाटककार विलियम की पत्नी एग्नेस शेक्सपियर की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म का निर्देशन क्लोई झाओ ने किया और ग्लोबल लेवल पर फिल्म को बहुत अच्छा रिस्पांस मिला।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal