स्वदेशी कंपनी टाटा और महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी जल्द होगी लांच

नई दिल्ली, 09 अप्रैल। टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा भारतीय बाजार में अपनी कई नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी में हैं। इन अपकमिंग मॉडल्स में महिंद्रा बीई 07, महिंद्रा एक्सईवी 9ई, टाटा अविन्या, टाटा सफारी ईवी और टाटा सियेरा ईवी शामिल हैं, जो दमदार रेंज, आधुनिक फीचर्स और प्रीमियम डिजाइन के साथ आएंगी।
महिंद्रा अपनी नई बीई 07 को मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में पेश करेगी, जिसकी टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। यह 59 केडब्ल्यूएच, 70 केडब्ल्यूएच और 79 केडब्ल्यूएच बैटरी विकल्पों के साथ आ सकती है और इसका मुकाबला आने वाली कई इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा। वहीं, कंपनी एक्सईवी 9ई और बीई6 में 70 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक का नया वेरिएंट जोड़ने जा रही है, जो करीब 242 बीएचपी की पावर और 380 एनएम टॉर्क के साथ लगभग 600 किमी तक की रेंज देने में सक्षम हो सकता है। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी अविन्या के जरिए एक नया सेगमेंट बनाने की तैयारी में है।
यह मॉडल केवल इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा और 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है। इसके अलावा सफारी ईवी कंपनी की पहली थ्री-रो इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी, जिसे फेस्टिव सीजन के आसपास पेश किए जाने की उम्मीद है। इसमें 65 केडब्ल्यूएच और 75 केडब्ल्यूएच बैटरी विकल्प के साथ रियर-व्हील और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिल सकता है। इसके साथ ही सियेरा ईवी भी कंपनी की बड़ी पेशकश होगी, जिसे 2026 के मध्य तक लॉन्च किया जा सकता है।
‘सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal