Thursday , April 9 2026

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया

नई दिल्ली, 09 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवर को असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से प्रगति और विकास के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान किया।

नवीन ने असम के लोगों से अपील करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज असम की प्रगति और विकास के संकल्प का दिन है। मैं सभी प्रदेशवासियों, विशेषकर अपने युवा साथियों से आग्रह करता हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भाग लें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपका एक-एक वोट असम की ‘माटी, बेटी और रोटी’ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य को घुसपैठ और अस्थिरता से मुक्त रखने में निर्णायक होगा। विकास की जो यात्रा शुरू हुई है, उसे ‘विकसित असम’ के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए आपकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। याद रखें – पहले मतदान, फिर जलपान।’’

नवीन ने केरल की जनता को अपने संदेश में कहा कि अब यह सुनिश्चित करने का समय आ गया है कि राज्य प्रगति और समावेशी विकास के पथ पर आगे बढ़े।

उन्होंने कहा, ‘आपके वोट में भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुखी और तुष्टीकरण से मुक्त सरकार बनाने की शक्ति है। अब समय आ गया है कि हम यह सुनिश्चित करें कि केरलम् प्रगति और समावेशी विकास के पथ पर आगे बढ़े।’

नवीन ने कहा, ‘आज केरलम् के भविष्य के लिए निर्णायक दिन है। मैं अपने सभी भाइयों और बहनों, विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लें।’ उन्होंने कहा, ‘एक मजबूत, सुरक्षित और ‘विकासशील केरलम्’ के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।’

भाजपा अध्यक्ष ने पुडुचेरी के लोगों से भी अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने और ‘रिकॉर्ड संख्या’ में मतदान करने का आग्रह किया। नवीन ने कहा, ‘स्थिर, भ्रष्टाचार मुक्त और प्रगतिशील सरकार सुनिश्चित करने के लिए आपकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य को आकार देने में हर वोट मायने रखता है।’ उन्होंने कहा, ‘राज्य की प्रगति के लिए वोट करें, ‘विकसित पुडुचेरी’ के लिए वोट करें।’

सियासी मियार की रीपोर्ट