Thursday , April 9 2026

एएमयू छात्रावास के कमरे पर छापा : कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद

एएमयू छात्रावास के कमरे पर छापा : कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद

अलीगढ़, 09 अप्रैल। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में छात्रावास के एक कमरे की तलाशी ली और कारतूस तथा जाली मुद्रा समेत आपत्तिजनक सामान बरामद किया।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार शाम को ‘सर जियाउद्दीन हॉल’ छात्रावास के एक कमरे की तलाशी ली और वहां से .32 बोर की पिस्टल की गोलियां, 12 बोर के चार कारतूस, जाली मुद्रा, आठ मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर बरामद किये।

एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस कमरे में शेवाज नाम का एक ‘अवैध कब्जेदार’ रह रहा था। उन्होंने बताया कि ऐसा आरोप लगाया जा रहा है कि शेवाज कमरे के वैध आबंटियों को जबरन बाहर निकालकर कई महीनों से वहां अवैध रूप से रहा था।

खान ने बताया कि पुलिस ने कमरे के वैध आबंटियों में से एक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करके यह जानने की कोशिश की कि आखिर शेवाज किन परिस्थितियों में कमरे पर कब्जा करने में कामयाब रहा।

उन्होंने बताया कि कमरे से बरामद दस्तावेजों से पता चलता है कि शेवाज ने पहले एएमयू के किसी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया था, हालांकि जांच के दौरान खंगाले गए रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि वह एक ‘नॉन-रेजिडेंट स्टूडेंट’ (छात्रावास में न रहने वाले छात्र) था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अलीगढ़ के सिविल लाइंस इलाके में गत सोमवार को हुई गोलीबारी की एक घटना की जांच के सिलसिले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था और उन्हीं से हुई पूछताछ के दौरान शेवाज का नाम सामने आया, जिसके बाद जांच टीम ने छात्रावास के कमरे पर छापा मारा। सूत्रों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

सियासी मियार की रीपोर्ट