खरगे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 12 अप्रैल । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े मुद्दों पर अपनी आपत्तियां और मांगें रखी हैं। उन्होंने संसद के विशेष सत्र बुलाने के फैसले पर भी सवाल उठाए हैं।
खरगे ने प्रधानमंत्री को शनिवार रात लिखे पत्र में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 को सितंबर 2023 में संसद ने सर्वसम्मति से पारित किया था और उस समय इसे तत्काल लागू करने की मांग की गई थी। व्यापक सहमति के बावजूद सरकार ने इसे लागू नहीं किया। अब करीब 30 महीने बाद बिना पर्याप्त जानकारी साझा किए विशेष सत्र बुलाया जा रहा है, जिससे सार्थक चर्चा संभव नहीं होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने परिसीमन और अन्य अहम पहलुओं पर विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि 29 अप्रैल के बाद, जब वर्तमान चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी, तब सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए, ताकि सभी दलों के साथ व्यापक चर्चा हो सके। बिना स्पष्ट विवरण के किसी भी संवैधानिक संशोधन पर चर्चा अधूरी रहेगी।
खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि राज्यों के चुनाव के दौरान विशेष सत्र बुलाना राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने सरकार के पिछले फैसलों जैसे नोटबंदी, जीएसटी, जनगणना और संघीय ढांचे से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों में सरकार का रिकॉर्ड भरोसा पैदा नहीं करता। लोकतंत्र में सभी राज्यों और दलों को समान रूप से सुना जाना चाहिए।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal