जो लोग गुजरात की जनता को ‘मूर्ख’ समझते हैं उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ेगा: हर्ष संघवी

वडोदरा, 14 अप्रैल । गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य की जनता उन लोगों को करारा जवाब देगी जो उन्हें ‘मूर्ख’ समझते हैं और राज्य से नफरत करते हैं।
संघवी ने यह बात रविवार को वडोदरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर निगम चुनाव अभियान प्रारंभ करने के दौरान कही।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ दिन पूर्व गुजरात के लोगों को ‘‘अशिक्षित’’ कहा था और दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें ‘‘बेवकूफ’’ बना रहे हैं। संघवी ने खरगे के इस बयान के एक सप्ताह के बाद यह बात कही है।
गुजरात में 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और 15 नगर निगमों (जिनमें अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा शामिल हैं) के लिए चुनाव 26 अप्रैल को होंगे। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।
संघवी ने कहा, ‘‘गुजरात से नफरत करने वाले और यहां के लोगों को मूर्ख समझने वालों को हर जिले में करारा जवाब दिया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता और भाजपा एक बड़ा परिवार है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात की जनता सामूहिक रूप से 2026 के स्थानीय निकाय चुनाव में नया इतिहास रचने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal