आईपीएल 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत
-वैभव-जायसवाल बनाम अभिषेक-हेड की ओपनिंग जोड़ियों के बीच दिखेगा रनों का घमासान

हैदराबाद, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मुकाबले में आज अंक तालिका की नंबर-1 टीम राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होने जा रहा है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में राजस्थान अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी। अब तक खेले गए चारों मैचों में अजेय रहने वाली राजस्थान की टीम शानदार फॉर्म में है, जबकि हैदराबाद की टीम 4 मैचों में केवल एक जीत के साथ सातवें स्थान पर संघर्ष कर रही है। मेजबान टीम के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
आज के मुकाबले का मुख्य आकर्षण दोनों टीमों की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ियां होंगी। राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी इस सीजन में जबरदस्त लय में है और पिछले चारों मैचों में 50 से अधिक रनों की साझेदारी कर टीम को ठोस शुरुआत दिला चुकी है। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर है, हालांकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पावरप्ले में जो जोड़ी विपक्षी गेंदबाजों पर हावी होगी, मैच का रुख उसी टीम की ओर मुड़ जाएगा।
ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा राजस्थान पर भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 21 मुकाबलों में हैदराबाद ने 12 बार जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान को केवल 9 बार सफलता मिली है। खास बात यह है कि साल 2024 के बाद से राजस्थान की टीम हैदराबाद के खिलाफ एक भी मैच जीतने में नाकाम रही है। आज रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान की टीम इस सूखे को खत्म करना चाहेगी, वहीं ईशान किशन के नेतृत्व वाली हैदराबाद की टीम अपने घरेलू मैदान पर दबदबा कायम रखने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के स्क्वाड में कई बड़े मैच विनर खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal