पंजाब में सियासी घमासान: ईडी ने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पर की छापेमारी
-मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर साधा तीखा निशाना

चंडीगढ़, 15 अप्रैल। पंजाब की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के संस्थापक अशोक मित्तल के जालंधर स्थित निवास सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। हालांकि केंद्रीय जांच एजेंसी ने अभी तक इस कार्रवाई के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह जांच वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े किसी मामले को लेकर की जा रही है। अशोक मित्तल को हाल ही में राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया गया था, जिसके बाद इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
इस छापेमारी के तुरंत बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। मुख्यमंत्री मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसे “मोदी स्टाइल” की राजनीति बताते हुए तंज कसा कि भाजपा ने पंजाब चुनावों की तैयारी ईडी के जरिए शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब की जनता इस प्रकार के राजनीतिक प्रतिशोध का करारा जवाब देगी।
दूसरी ओर, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुख्यमंत्री मान के बयानों पर पलटवार करते हुए इसे “भ्रष्टों पर कार्रवाई” करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘स्वच्छ भारत’ नीति के तहत भ्रष्टाचार की गंदगी को साफ किया जा रहा है और जांच एजेंसियां केवल अपना काम कर रही हैं। गौरतलब है कि अशोक मित्तल को राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में जिम्मेदारी दी गई थी, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। इस कार्रवाई के बाद पंजाब में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच वैचारिक युद्ध और तेज होने के आसार हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal