Thursday , August 27 2026

आईपीएल 2026 में आज गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच महामुकाबला

आईपीएल 2026 में आज गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच महामुकाबला

अहमदाबाद, 21 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 30वें मुकाबले में आज शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस (MI) का सामना गुजरात टाइटन्स (GT) से होगा। इस सीजन में दोनों टीमों का सफर अब तक बिल्कुल विपरीत रहा है। गुजरात टाइटन्स अपने 5 मैचों में से 3 जीतकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है और जीत की हैट्रिक लगाकर आत्मविश्वास से लबरेज है। वहीं, मुंबई इंडियंस की स्थिति काफी चिंताजनक है, जो 5 मैचों में मात्र एक जीत और चार हार के साथ सबसे निचले 10वें पायदान पर संघर्ष कर रही है।

गुजरात टाइटन्स के लिए कप्तान शुभमन गिल बेहतरीन फॉर्म में हैं, जिन्होंने अपनी पिछली तीनों जीतों में अर्धशतक जड़े हैं। टीम की बल्लेबाजी को जोस बटलर और गेंदबाजी को प्रसिद्ध कृष्णा तथा राशिद खान से काफी मजबूती मिल रही है। इसके उलट मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी यूनिट विकेट लेने के लिए जूझ रही है। टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब तक किफायती तो रहे हैं, लेकिन उन्हें विकेटों का इंतजार है। वहीं, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का खराब फॉर्म मुंबई के लिए मुसीबत बना हुआ है, हालांकि क्विंटन डी कॉक के शतक ने टीम को थोड़ी उम्मीद जरूर दी है।

अगर दोनों टीमों के आपसी आंकड़ों (Head to Head) की बात करें, तो अब तक खेले गए 8 मैचों में गुजरात ने 5 बार जीत दर्ज की है, जबकि मुंबई को 3 बार सफलता मिली है। खास बात यह है कि गुजरात ने अहमदाबाद के अपने घरेलू मैदान पर सभी चारों मैच जीते हैं। चोटिल रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन पर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। गुजरात की टीम आज अपने विजई संयोजन को बरकरार रख सकती है, जबकि हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस प्लेइंग इलेवन में कुछ कड़े फैसले ले सकती है।

सियासी मियार की रीपोर्ट