Tuesday , April 21 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली, 21 अप्रैल । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.63 प्रतिशत और निफ्टी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से नेस्ले इंडिया, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अदानी पोर्ट्स और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 1.68 प्रतिशत से लेकर 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एचडीएफसी लाइफ, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, इंफोसिस और जियो फाइनेंशियल के शेयर 3.19 प्रतिशत से लेकर 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,717 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,169 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 548 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर तीन शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और आठ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 96.86 अंक की बढ़त के साथ 78,617.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 492.27 अंक की तेजी के साथ 79,012.57 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 9.70 अंक की मामूली मजबूती के साथ 24,374.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही यह सूचकांक कर लुढ़क कर लाल निशान में 24,354.90 तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आ गई। खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,512.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण इसकी चाल में हल्की गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 136.30 अंक की तेजी के साथ 24,501.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 26.27 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,520.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 11.30 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,364.85 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

सियासी मियार की रीपोर्ट