PSL 2026 में आपा खो बैठा बल्लेबाज, मोहम्मद आमिर की कुटाई के लिए उठा लिया बल्ला

पाकिस्तान, 25 अप्रैल। पाकिस्तान सुपर लीग में रावलपिंडी और इस्लामाबाद यूनाइटेड के मैच में मोहम्मद आमिर और फहीम अशरफ के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें फहीम गुस्से में बैट लेकर आमिर की ओर बढ़ते नजर आए।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 का 11वां सीजन जारी है, लेकिन इस बार खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ज्यादा मैदान पर हुई विवादित घटनाएं सुर्खियां बटोर रही हैं। सीजन की शुरुआत में फखर जमां पर बॉल टेम्परिंग के आरोप लगे, जिसके चलते उन्हें कुछ मैचों के लिए प्रतिबंध झेलना पड़ा। अब 23 अप्रैल को रावलपिंडी और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच खेला गया मुकाबला भी विवादों के कारण चर्चा में आ गया, जहां मैदान पर माहौल काफी गर्म नजर आया।
PSL 2026 में आमिर और फहीम के बीच तीखी झड़प
कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इस्लामाबाद यूनाइटेड पहले बल्लेबाजी कर रही थी। टीम ने 79 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद क्रीज पर आए फहीम अशरफ ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन 11 रन के निजी स्कोर पर वह मोहम्मद आमिर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच दे बैठे। विकेट मिलने के बाद आमिर ने जश्न मनाते हुए फहीम को पवेलियन जाने का इशारा किया, जिससे वह भड़क गए। गुस्से में फहीम बल्ला लेकर आमिर की ओर बढ़ते दिखे, जिससे मैदान पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
साथी खिलाड़ियों ने संभाला मामला
स्थिति को बिगड़ता देख रावलपिंडी के खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और फहीम अशरफ को रोकने की कोशिश की। एक खिलाड़ी ने उन्हें पकड़कर पीछे खींचा, जिससे मामला शांत हो सका। इस दौरान मोहम्मद आमिर भी फहीम को कुछ कहते हुए नजर आए, जिससे माहौल और गरम हो गया था। हालांकि समय रहते अन्य खिलाड़ियों ने हस्तक्षेप कर विवाद को बढ़ने से रोक लिया।
इस मुकाबले में रावलपिंडी की टीम ने आखिरकार 6 विकेट से जीत हासिल की। हालांकि, टीम के लिए यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। उन्होंने कुल 9 मैच खेले हैं, जिसमें शुरुआती 8 मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। यह उनकी इस सीजन की पहली जीत है, जिसने टीम को थोड़ी राहत जरूर दी है। बावजूद इसके, टीम का प्रदर्शन और मैदान पर हुए विवाद दोनों ही इस सीजन में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal