दिल्ली कैपिटल्स में हुई पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी की एंट्री; जानें कौन है ये मिस्ट्री प्लेयर
नई दिल्ली, आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा था, जब बेन डकेट ने नाम वापस ले लिया। अब टीम ने उनके रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का ऐलान कर दिया है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन में कई टीमें चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी सीजन शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए। इसी कड़ी में दिल्ली कैपिटल्स के ओपनिंग बल्लेबाज बेन डकेट का नाम भी शामिल है, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करने के चलते इस सीजन में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। ऐसे में टीम को उनके विकल्प की तलाश करनी पड़ी।
रेहान अहमद को मिला मौका
दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट के रिप्लेसमेंट के तौर पर इंग्लैंड के युवा लेग स्पिनर रेहान अहमद को टीम में शामिल किया है। 21 वर्षीय रेहान पाकिस्तानी मूल के हैं और पहली बार आईपीएल का हिस्सा बने हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 75 लाख रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल किया है। टीम प्रबंधन का मानना है कि उनकी एंट्री से स्पिन गेंदबाजी और मजबूत होगी, जो आगे के मैचों में टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
ऑलराउंड क्षमता से मजबूत विकल्प
रेहान अहमद ने अपने टी20 करियर में अब तक 97 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 85 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 8.13 का रहा है। इसके अलावा वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। टी20 क्रिकेट में उनके नाम 1071 रन दर्ज हैं, जिससे उनकी ऑलराउंड क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दिल्ली कैपिटल्स को उनसे गेंद और बल्ले दोनों से योगदान की उम्मीद होगी।
दिल्ली कैपिटल्स का मिला-जुला प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने शुरुआत शानदार की और पहले दो मैच जीते। इसके बाद अगले दो मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिर टीम ने दो और मैच खेले, जिसमें एक में जीत और एक में हार मिली। इस तरह दिल्ली ने 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ संतुलित प्रदर्शन किया है।
अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए आने वाले मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं। टीम का लक्ष्य टॉप-4 में जगह बनाना है, जिसके लिए लगातार जीत जरूरी होगी। उनका अगला मुकाबला 25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ है, जहां टीम जीत हासिल कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal