जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की महाभिड़ंत
-फिट होकर लौटे पैट कमिंस संभालेंगे कप्तानी, प्लेऑफ की रेस हुई और भी दिलचस्प

जयपुर, 25 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना करेगी। जयपुर में इस सीजन का यह पहला मैच है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। हैदराबाद के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह फिट हो गए हैं और मैदान पर वापसी कर रहे हैं। कोच डेनियल विटोरी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कमिंस की वापसी से टीम का मनोबल बढ़ा है। वर्तमान अंक तालिका में राजस्थान ने 7 में से 5 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद ने 7 में से 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
मैच से पहले दोनों टीमों ने नेट प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहाया। हैदराबाद के कोच विटोरी ने ईशान किशन की अनुभव और टीम बॉन्डिंग की तारीफ करते हुए शुरुआती विकेट लेने को जीत की कुंजी बताया। दूसरी ओर, राजस्थान के कोच कुमार संगकारा ने यशस्वी जायसवाल और युवा वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी पर भरोसा जताया है। जयपुर की काली मिट्टी वाली पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद करती है, लेकिन मैदान बड़ा होने के कारण लंबे शॉट लगाना चुनौतीपूर्ण होगा। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मिलने वाला अतिरिक्त उछाल मैच का रुख तय कर सकता है।
मुकाबले से पहले सनराइजर्स के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी माता के साथ जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे और जीत का आशीर्वाद लिया। मंदिर महंत ने उन्हें ठाकुर जी का प्रसाद और दुपट्टा भेंट किया, जहां फैंस की भारी भीड़ उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़ी। राजस्थान और हैदराबाद के बीच इस मैच के हाई-स्कोरिंग होने की पूरी संभावना है क्योंकि दोनों टीमों के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। शनिवार की शाम पिंक सिटी में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर होगा, जहाँ प्लेऑफ की दौड़ के लिए यह दो अंक बेहद कीमती हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal