वीरेंद्र सचदेवा का कार्यकाल समाप्त होने के बीच भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद की दौड़ हुई तेज

नई दिल्ली, 29 अप्रैल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की समाप्ति करीब आने के साथ ही अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद की दौड़ तेज हो गई है और पार्टी के कुछ अंदरूनी सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा इस पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
नेताओं के एक वर्ग का हालांकि यह भी कहना है कि पिछले साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के मद्देनजर भाजपा की दिल्ली इकाई के मौजूदा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को दूसरा कार्यकाल मिल सकता है।
सचदेवा ने मार्च में अध्यक्ष के रूप में तीन साल पूरे कर लिए। भाजपा के संविधान के अनुसार, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है और कोई व्यक्ति लगातार अधिकतम दो कार्यकाल तक इस पद पर रह सकता है।
सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा चुनावों में 70 में से 48 सीट जीतकर 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई। इससे पहले, सचदेवा की अध्यक्षता में पार्टी ने 2024 में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट जीतने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा था।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने के बाद भाजपा की दिल्ली इकाई के शीर्ष पद को लेकर फैसला कर सकता है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान बुधवार को होगा और नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
सचदेवा को दिसंबर 2022 में भाजपा की दिल्ली इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह मार्च 2023 में पूर्णकालिक अध्यक्ष बने।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘भाजपा की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष किस समुदाय से होगा, यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा।’’
चहल जाट समुदाय से आते हैं, जबकि सचदेवा एवं मल्होत्रा पंजाबी हैं।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अगले अध्यक्ष के रूप में जय प्रकाश जैसे अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। जय प्रकाश गुर्जर समुदाय से आते हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि ‘नमो ऐप’ के राष्ट्रीय संयोजक चहल को राष्ट्रीय नेतृत्व का करीबी माना जाता है जबकि केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का करीबी बताया जाता है।3
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal