आरसीबी के सामने कड़ी परीक्षा होगी गुजरात टाइटंस की

अहमदाबाद निरंतरता हासिल करने के लिए बेताब गुजरात टाइटंस को गुरुवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में शानदार फॉर्म में चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
अब जबकि टूर्नामेंट का आधा चरण पूरा हो चुका है तब गुजरात टाइटंस की टीम आठ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रही है। दूसरी तरफ मौजूदा चैंपियन आरसीबी शानदार फॉर्म में है और उसने आठ मैचों में से छह में जीत दर्ज की है। आरसीबी अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
आरसीबी की तरफ से उसके तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड ने मिलकर कहर बरपाया है। जहां भुवनेश्वर ने अपनी शानदार स्विंग से पुराने दिनों की याद दिला दी है, वहीं हेज़लवुड ने टेस्ट मैच के स्तर की गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया है। वह बल्ले के बाहरी किनारे को लक्ष्य बनाकर गेंदबाजी कर रहे हैं।
इसके अलावा बीच के ओवरों में क्रुणाल पंड्या का सामना करना भी बड़ी चुनौती है क्योंकि उनकी गेंदबाजी में काफी विविधता है।
गुजरात टाइटंस की टीम शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर अधिक निर्भर है। उसके चोटी के तीन बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने एक बार फिर अधिकतर रन बनाए हैं। वाशिंगटन सुंदर ने मध्य क्रम में अपनी काबिलियत साबित की है, जबकि शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे फिनिशर अभी तक कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। मध्य क्रम को मजबूती देने के लिए जेसन होल्डर को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
इन दोनों टीम के बीच पिछले सप्ताह चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेला गया था जिसमें आरसीबी ने 206 रन का लक्ष्य सात गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया था। गुजरात टाइटंस की टीम अभी तक अपने घरेलू मैदान पर दबदबा बनाने में नाकाम रही है। उसने मोटेरा में खेले गए तीन मैचों में से दो मैच गंवाए हैं।
आरसीबी इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार है, लेकिन सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। इंग्लैंड के अपने साथी खिलाड़ी फिल साल्ट की चोट के कारण पिछले दो मैच में खेलने वाले जैकब बेथेल कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
यह प्रतिभाशाली बल्लेबाज गुरुवार को विराट कोहली के साथ पारी का आगाज करते हुए अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब होगा। बेथेल ने टी20 विश्व कप के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था और वह किसी भी समय अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा सकते हैं इसलिए गुजरात टाइटंस को किसी तरह के मुगालते में नहीं रहना चाहिए।
आरसीबी ने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को करारी शिकस्त दी थी जिससे उसका मनोबल बढ़ा होगा। दिल्ली में मिली बड़ी जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा था, ‘‘अपनी दिनचर्या का पालन करना बहुत जरूरी है क्योंकि अभी लंबा सफर तय करना है, लेकिन मुझे लगता है कि हम एक-एक मैच पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमारे लिए सकारात्मक बात यह है कि हमारा कोई ना कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।’’
टीम इस प्रकार हैं:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया।
आरसीबी: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल।
मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal