गेंदबाजी में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे: अय्यर

मुल्लांपुर, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मौजूदा सत्र की पहली हार मिलने के बाद कहा कि उनके गेंदबाज योजनाओं को सही तरह से लागू नहीं कर पाए।
पंजाब के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (51 रन, 27 गेंद, सात चौके, एक छक्का) और वैभव सूर्यवंशी (43 रन, 16 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) की तूफानी पारियों के बाद डोनोवन फरेरा (नाबाद 52 रन, 26 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और शुभम दुबे (नाबाद 31 रन, 12 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के बीच पांचवें विकेट की 32 गेंद में 77 रन की अटूट साझेदारी से 19.2 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाकर जीत दर्ज की।
पंजाब किंग्स ने मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 62, 22 गेंद, छह छक्के, चार चौके) के ताबड़तोड़ अर्धशतक और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन (59 रन, 44 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के जुझारू अर्धशतक से चार विकेट पर 222 रन बनाए थे।
अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘224 का स्कोर शानदार था और बल्लेबाजों को इसका श्रेय जाता है। इस पिच पर यह एक असाधारण प्रदर्शन था जो कि थोड़ी धीमी थी। गेंदबाजी के मामले में हम योजनाओं को अच्छी तरह से लागू नहीं कर पाए।’’
अय्यर ने विरोधी टीम के बल्लेबाजों फरेरा और दुबे की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘बीच के ओवरों में उनकी साझेदारी जबरदस्त रही। फरेरा और दुबे ने आखिर में वे अहम रन बनाए। यह ऐसा प्रारूप है जिसमें कई खिलाड़ियों ने अपना खेल बदल लिया है और वे पहली ही गेंद से आक्रामक हो जाते हैं। आखिर में मुझे लगता है कि यह सब रणनीति को सही तरीके से लागू करने के बारे में है।’’
अय्यर ने कहा, ‘‘आज का दिन हमारा नहीं था। यह जरूरी है कि हम उन चीजों पर टिके रहें जो हम शुरू से करते आ रहे हैं और जिनका पालन कर रहे हैं। थोड़ी थकान है लेकिन यहां यह कोई बहाना नहीं हो सकता। हमारे पास कुछ दिन हैं जिनमें हम अपनी रणनीति पर फिर से काम कर सकते हैं और (और भी मजबूत होकर) वापसी कर सकते हैं। यह हमारी पहली हार है और यह निश्चित रूप से आपको बहुत कुछ सिखाती है।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal