Thursday , April 30 2026

वेदांता का मुनाफा चौथी तिमाही में 89 प्रतिशत बढ़कर 9,352 करोड़

वेदांता का मुनाफा चौथी तिमाही में 89 प्रतिशत बढ़कर 9,352 करोड़

मुंबई, 30 अप्रैल। खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 9,352 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले के मुकाबले 89 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने बुधवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि तिमाही के दौरान उसका राजस्व 29 प्रतिशत बढ़कर 51,524 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो अबतक का रिकॉर्ड है। परिचालन लाभ भी रिकॉर्ड 18,447 करोड़ रुपये हो गया जो 59 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है। कुल राजस्व में 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 51,524 करोड़ रुपये पर रहा।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान कुल आय 15 प्रतिशत बढ़कर 1,74,075 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस दौरान परिचालन लाभ 55,976 करोड़ रुपये रहा जो 29 फीसदी अधिक है।

वित्त वर्ष के दौरान शुद्ध लाभ 22 फीसदी की वृद्धि के साथ 25,096 करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर रहा।

कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में मुख्य व्यवसायों में उसने रिकॉर्ड उत्पादन और बेहतर दक्षता हासिल की है। उसका एल्युमिनियम उत्पादन 2,456 किलोटन रहा जो अपने-आप में रिकॉर्ड है। एल्युमिना उत्पादन 48 बढ़कर रिकॉर्ड 2,916 किलोटन दर्ज किया गया। ज़िंक इंडिया ने 1,114 किलोटन के सर्वाधिक खनन धातु उत्पादन और 851 किलोटन के रिफाइंड मेटल उत्पादन का आंकड़ा हासिल किया।

ज़िंक इंटरनेशनल का उत्पादन 27 फीसदी बढ़कर 225 किलोटन हो गया। फेरो क्रोम उत्पादन 101 किलोटन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जबकि आयरन ओर पिग आयरन उत्पादन 895 किलोटन रहा। कॉपर कैथोड उत्पादन 15 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 170 किलोटन हो गया। बिजली की बिक्री 1,857.1 लाख यूनिट रही जो सालाना 14 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष के लिए 34 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की भी घोषणा की है।

वेदांता के कार्यकारी निदेशक अरुण मिश्रा ने कहा, “वित्त वर्ष 2026 वेदांता के लिए मजबूत निष्पादन का वर्ष रहा, जिसमें पूरे पोर्टफोलियो में रिकॉर्ड परिचालन प्रदर्शन दर्ज किया गया। परिचालन की उत्कृष्टता पर हमारे निरंतर फोकस के कारण एल्युमिनियम और ज़िंक व्यवसाय में पिछले पांच वर्षों में सबसे कम लागत हासिल की गई।”

सियासी मियार की रीपोर्ट