Thursday , April 30 2026

रुपये की कमजोरी लगातार जारी, रिकॉर्ड लो तक लुढ़की भारतीय मुद्रा

रुपये की कमजोरी लगातार जारी, रिकॉर्ड लो तक लुढ़की भारतीय मुद्रा

नई दिल्ली, 30 अप्रैल । भारतीय मुद्रा रुपये की कमजोरी लगातार बढ़ती जा रही है। आज भारतीय मुद्रा ने 49 पैसे की कमजोरी के साथ 95.34 रुपये के रिकॉर्ड लो लेवल तक गोता लगाया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की कीमत में तेजी, महीने का आखिरी दिन होने की वजह से इंपोर्टर्स की डॉलर डिमांड बढ़ने और विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय शेयर बाजार में अंधाधुध तरीके से बिकवाली कर अपना पैसा निकालने की वजह से रुपये पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

इसी दबाव की वजह से इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा डॉलर की तुलना में आज एक बार फिर 95 रुपये के स्तर से नीचे चली गई। 30 मार्च के बाद पहली बार भारतीय मुद्रा की कीमत 95 रुपये प्रति डॉलर के स्तर से नीचे गई है। सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले 45 पैसे की कमजोरी के साथ 95.30 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रही थी। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय मुद्रा 94.85 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी।

आज रुपये ने कारोबार की शुरुआत भी 95 रुपये के स्तर को पार कर ही की थी। शुरुआत के बाद से ही भारतीय मुद्रा लगातार 95 रुपये प्रति डॉलर के स्तर के ऊपर बनी हुई है। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 17 पैसे यानी 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 95.02 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। आज का कारोबार शुरू होने के बाद रुपये की स्थिति लगातार कमजोरी होती चली गई।

मुद्रा बाजार के अभी तक कारोबार में रुपये ने डॉलर के साथ ही ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) और यूरो के मुकाबले भी कमजोर प्रदर्शन किया है। सुबह 11 बजे तक के कारोबार के बाद यूरो की तुलना में रुपया 22.45 पैसे की कमजोरी के साथ 111.16 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) की तुलना में रुपया सुबह 11 बजे तक के कारोबार के बाद 28.22 पैसे की गिरावट के साथ 128.36 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सियासी मियार की रीपोर्ट