अमेरिका अपना रुख बदलता है तो ईरान कूटनीति के लिए तैयार : राष्ट्रपति पेज़ेश्कियन

तेहरान, 02 मई ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने संकेत दिया है कि यदि अमेरिका अपना रवैया बदलता है, तो तेहरान कूटनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा कि उकसाने वाली कार्रवाइयों और कठोर नीति में बदलाव होने पर बातचीत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है।
जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ फोन पर हुई बातचीत में पेज़ेश्कियन ने खाड़ी क्षेत्र और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ती अस्थिरता के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने ईरानी जहाजों के खिलाफ कथित अवरोधक कार्रवाइयों को रोकने की मांग भी की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य से एक जापानी जहाज के सुरक्षित गुजरने के मुद्दे पर भी चर्चा की। जापानी प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता फिर से शुरू होगी और जल्द किसी ठोस समझौते तक पहुंचेगी। उन्होंने सभी देशों के जहाजों के लिए सुरक्षित और निर्बाध समुद्री आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पेज़ेश्कियन ने ‘फारसी खाड़ी राष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि समुद्री मार्गों पर किसी भी तरह की नाकेबंदी या प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और इससे क्षेत्रीय शांति व वैश्विक स्थिरता को खतरा होता है।
उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद में हालिया वार्ताएं किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकीं, जिसके बाद होर्मुज क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। ऐसे में ईरान की ओर से कूटनीति के संकेत को क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal