हरियाणा के केएमपी एक्सप्रेस वे हादसे में उप्र पुलिस के पांच जवानों की मौत

चंडीगढ़, हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस(केएमपी)वे पर नूंह के निकट मंगलवार को हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। नूंह पुलिस ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस को सूचित कर दिया है। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हुई है।
नूंह जिले के तावड़ू थाना प्रभारी शीशराम यादव के अनुसार हादसा धुलावट टोल प्लाज़ा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार उत्तर प्रदेश के जालौन ज़िले में तैनात ये जवान एक महिंद्रा स्कॉर्पियो में सवार होकर पलवल की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोल प्लाज़ा के पास चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तेज़ रफ़्तार के कारण वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे एक वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि एसयूवी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को गाड़ी से निकाला। थाना प्रभारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में जालौन के एसपी को इस घटना की सूचना दे दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal