‘3 इडियट्स’ थीम वाले विज्ञापन में आमिर ने खुद कराई अपनी बेइज्जती

मुंबई, 13 मई । हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि आमिर अपने काम के लिए किसी भी तरह का जोखिम उठाने से पीछे नहीं हटते। यह मामला एक फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म के लिए शूट किए गए ‘3 इडियट्स’ थीम वाले विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी नजर आए थे। दरअसल, इस टीवी विज्ञापन की स्क्रिप्ट में एक ऐसा डायलॉग था, जिसे बोलने में जसप्रीत बुमराह सहज महसूस नहीं कर रहे थे। स्क्रिप्ट के अनुसार आमिर खान बल्लेबाजी करते हुए बुमराह से कहते हैं, “ध्यान से बॉल डालियो, मैं बड़े-बड़े हिट्स मारता हूं।”
इसके जवाब में बुमराह को कहना था, “अगर इतने ही बड़े हिट्स मारते हो तो ‘लाल सिंह चड्ढा’ क्यों नहीं चली?” यह लाइन सीधे तौर पर आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की असफलता पर कटाक्ष करती थी। बताया जाता है कि जसप्रीत बुमराह ने यह संवाद बोलने से साफ इनकार कर दिया था। उन्हें डर था कि राष्ट्रीय टेलीविजन पर ऐसा कहना कहीं आमिर खान के प्रशंसकों को नाराज न कर दे। साथ ही वह आमिर खान के प्रति सम्मान की भावना के चलते भी इस लाइन को बोलने में असहज महसूस कर रहे थे। विज्ञापन बनाने वाली टीम के लिए यह स्थिति मुश्किल बन गई। यहां तक कि फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी, जिन्होंने आमिर खान के साथ ‘दंगल’ बनाई थी, उन्होंने भी इसे जोखिम भरा बताया। जब पूरी स्क्रिप्ट आमिर खान को सुनाई गई तो सभी को लगा कि वह शायद इस संवाद को हटाने के लिए कहेंगे। लेकिन आमिर खान ने उल्टा इस विचार को बेहद मजेदार बताया।
जब उन्हें बताया गया कि बुमराह इस वजह से शूट करने को तैयार नहीं हैं, तो आमिर खुद उनके पास पहुंचे और हंसते हुए बोले, “अबे मस्त है यार ये… मजा आएगा, चल करते हैं। लेकिन मेरे सामने बोलना, पीठ पीछे मत बोलना।” आमिर खान की इस सहजता और हाजिरजवाबी ने जसप्रीत बुमराह को भी सहज कर दिया। आखिरकार विज्ञापन शूट हुआ और रिलीज के बाद दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया। बता दें कि आमिर खान अपने अभिनय के साथ-साथ विज्ञापनों में भी परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। वह हर प्रोजेक्ट में कुछ नया और यादगार करने की कोशिश करते हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal