व्यापार समझौता के अगले दौर की बातचीत के लिए अमेरिकी दल के भारत आने की उम्मीद

नई दिल्ली, 13 मई । भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। व्यापार वार्ता के अगले दौर के लिए अमेरिकी टीम जल्द ही भारत का दौरा कर सकती है। हालांकि, इस अहम दौरे के लिए अभी तक कोई आधिकारिक तारीख तय नहीं की गई है।
भारतीय पक्ष ने अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के तहत बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए अप्रैल में वाशिंगटन का दौरा किया था। अब व्यापार वार्ता के लिए अमेरिकी दल के भारत आने की उम्मीद है। फिलहाल कोई तारीख तय नहीं हुई है। अप्रैल की बैठक के बाद दोनों पक्ष व्यापार समझौता बातचीत की गति को बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने दोनों पक्षों के अधिकारियों ने बाजार पहुंच, गैर-शुल्क उपाय, व्यापार में तकनीकी बाधाएं, सीमा शुल्क और कारोबार सुगमता, निवेश प्रोत्साहन और डिजिटल व्यापार जैसे कई क्षेत्रों पर चर्चा की थी। भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी को पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार के संबंध में एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे को अंतिम रूप देते हुए एक संयुक्त बयान जारी किया था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal