शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी, आईटी और ऑटो सेक्टर दबाव में

मुंबई, 13 मई । घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गयी, हालांकि आईटी और ऑटो सेक्टर की कंपनियों पर दबाव रहा। बीएसई का सेंसेक्स 119.90 अंक नीचे 74,439.34 अंक पर खुला लेकिन कुछ ही देर में हरे निशान में चला गया। खबर लिखे जाते समय यह 180.07 अंक (0.24 प्रतिशत) ऊपर 74,739.31 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 17.10 अंक टूटकर 23,362.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 91 अंक यानी 0.39 प्रतिशत चढ़कर 23,470.55 अंक पर रहा। प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में ज्यादा तेजी है।
ऑटो, आईटी और मीडिया को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक फिलहाल हरे निशान में हैं। धातु में जबरदस्त तेजी है और इसका सूचकांक करीब ढाई फीसदी ऊपर है। स्वास्थ्य, फार्मा, तेल एवं गैस और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक भी अच्छी बढ़त में हैं। सेंसेक्स में एशियन पेंट्स का शेयर साढ़े चार फीसदी के करीब चढ़ गया। टाटा स्टील, बीईएल और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी दो से तीन प्रतिशत की बढ़त में हैं। पावर ग्रिड में सबसे अधिक ढाई फीसदी की गिरावट रही। एनटीपीसी, टाइटन और मारुति सुजुकी के शेयर भी इस समय नीचे हैं। इस सप्ताह के पहले दो दिन शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गयी है। मंगलवार को दोनों प्रमुख सूचकांक दो प्रतिशत के करीब टूटकर पांच सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए थे। रुपये पर पिछले कुछ समय से जारी दबाव भी शेयर बाजारों में निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर रहा है। कल रुपया 95.68 प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal