दोबारा परीक्षा का शेड्यूल 7-10 दिनों में जारी होगा, एनटीए महानिदेशक ने छात्रों को दिया पारदर्शिता और निष्पक्षता का भरोसा

नई दिल्ली, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने घोषणा की है कि रद्द की गई नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दोबारा आयोजन का पूरा शेड्यूल अगले 7 से 10 दिनों के भीतर आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पुन: परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को न तो नए सिरे से पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करने की आवश्यकता होगी और न ही कोई अतिरिक्त आवेदन शुल्क देना होगा। एनटीए वर्तमान में अपनी तकनीकी टीम के साथ मिलकर परीक्षा केंद्रों और तारीखों का निर्धारण कर रहा है ताकि प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए डीजी अभिषेक सिंह ने स्वीकार किया कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ी की जिम्मेदारी एजेंसी लेती है और इसीलिए सुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का कड़ा फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच का जिम्मा सीबीआई (CBI) को सौंप दिया गया है। एनटीए ने जांच एजेंसी से अपील की है कि पेपर लीक में शामिल चाहे कोई बाहरी व्यक्ति हो या विभाग के भीतर का कर्मचारी, दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
महानिदेशक ने 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि वर्तमान घटनाक्रम का एनटीए की भविष्य की अन्य परीक्षाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एजेंसी अपनी साख और छात्रों के भरोसे को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है और दोबारा परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और बिना किसी त्रुटि के किया जाएगा। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई इस प्रवेश परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मंगलवार को रद्द कर दिया था, जिसके बाद अब नए सिरे से तैयारी शुरू कर दी गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal