सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद को फिर मिला एक साल का विस्तार, चयन प्रक्रिया पर राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल

नई दिल्ली, 14 मई केंद्र सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। केंद्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उनका नया कार्यकाल 24 मई 2026 के बाद प्रभावी होगा और अब वे मई 2027 तक सीबीआई प्रमुख के रूप में कार्यरत रहेंगे।
प्रवीण सूद ने 25 मई 2023 को दो वर्ष के लिए सीबीआई निदेशक का पद संभाला था। इसके बाद सरकार ने लगातार दूसरी बार उनके कार्यकाल में विस्तार किया है। इससे पहले भी उनका कार्यकाल मई 2025 से बढ़ाकर मई 2026 तक किया गया था।
इधर, नए सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए।
बैठक के बाद राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि सीबीआई निदेशक के चयन की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि वे ऐसी प्रक्रिया का समर्थन नहीं कर सकते जिसे वे पक्षपातपूर्ण मानते हैं। उन्होंने इसे संवैधानिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए अपना विरोध सार्वजनिक किया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal