मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना था सनी लियोनी का
मुंबई, क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी का सपना ग्लैमर की दुनिया में आने से पहले मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का था। वह नर्स बनकर लोगों की सेवा करना चाहती थीं, लेकिन हालात और किस्मत उन्हें मनोरंजन जगत की ओर ले गए। सनी लियोनी का असली नाम करनजीत कौर वोहरा है। उनका जन्म 13 मई 1981 को कनाडा के ओंटारियो में एक सिख पंजाबी परिवार में हुआ था। बचपन से ही वह बेहद चंचल और खेलकूद में रुचि रखने वाली लड़की थीं। परिवार ने उन्हें अच्छी परवरिश और शिक्षा दी। छोटी उम्र से ही उनमें जरूरतमंद लोगों की मदद करने की भावना थी। इसी कारण उन्होंने नर्सिंग की पढ़ाई में दिलचस्पी दिखाई और मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देखा। वह चाहती थीं कि आगे चलकर लोगों की सेवा करें और समाज के लिए कुछ अच्छा करें। लेकिन परिवार की आर्थिक परिस्थितियों ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। कम उम्र में ही उन्हें काम करना पड़ा। शुरुआत में उन्होंने एक जर्मन बेकरी में वेट्रेस के तौर पर नौकरी की। इसके अलावा टैक्स और रिटायरमेंट फर्म में भी काम किया।
इसी दौरान उनकी रुचि मॉडलिंग की ओर बढ़ी और धीरे-धीरे उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में कदम रख दिया। मॉडलिंग से उन्हें पहचान मिलने लगी और बाद में उन्होंने एडल्ट इंडस्ट्री में भी काम किया। इस फैसले के कारण उन्हें काफी आलोचनाओं और सामाजिक तानों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। कुछ समय बाद सनी ने अपनी पुरानी पहचान से आगे बढ़कर नई शुरुआत करने का फैसला किया। इसी सोच के साथ उन्होंने भारत का रुख किया और रियलिटी शो बिग बॉस में हिस्सा लिया। इस शो ने उन्हें भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। शो के दौरान ही मशहूर फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने उन्हें फिल्म जिस्म 2 का प्रस्ताव दिया। यही फिल्म उनके बॉलीवुड करियर की शुरुआत बनी।
इसके बाद सनी ने रागिनी एमएमएस 2, एक पहेली लीला और मस्तीजादे जैसी फिल्मों में काम किया। फिल्मों के अलावा उन्होंने टीवी शो एमटीवी स्प्लिट्सविला को होस्ट कर अपनी अलग पहचान बनाई। अभिनय और टीवी की दुनिया में उन्होंने धीरे-धीरे अपनी मजबूत जगह बना ली। सनी की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रहती है। उन्होंने डेनियल वेबर से शादी की और दोनों अब खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं। दंपति ने बेटी निशा को गोद लिया, जबकि बाद में सरोगेसी के जरिए दो बेटों के माता-पिता बने। मालूम हो कि सनी लियोनी आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना नाम हैं। फिल्मों, गानों और रियलिटी शोज के जरिए उन्होंने करोड़ों दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal