पठानकोट में ISI की साजिश नाकाम: पाकिस्तान को लाइव फीड भेजने के लिए पुल पर कैमरा लगाने वाला जासूस गिरफ्तार
चंडीगढ़/पठानकोट पंजाब के पठानकोट में एक बड़ा जासूसी मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने पाकिस्तान के हैंडलर्स के लिए काम करने वाले बलजीत सिंह नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक पुल के पास गुप्त रूप से इंटरनेट वाला सीसीटीवी कैमरा लगाया था। इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना और पैरामिलिट्री फोर्स की गतिविधियों पर नजर रखना और उसकी लाइव फीड पाकिस्तान में बैठे देश विरोधी तत्वों को भेजना था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह काम करने के लिए दुबई में बैठे एक अज्ञात व्यक्ति से निर्देश मिल रहे थे और इसके बदले में उसे 40,000 रुपये का भुगतान किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है, जिसका फायदा उठाकर विदेशी ताकतें उसे जासूसी के जाल में फंसा रही थीं। पुलिस ने आरोपी के पास से सीसीटीवी कैमरा बरामद कर लिया है और अब उसके तीन अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह जासूसी मॉड्यूल बेहद खतरनाक है, जिसमें आधुनिक कैमरों का उपयोग संवेदनशील सैन्य ठिकानों की निगरानी के लिए किया जा रहा था। पिछले महीने भी पुलिस ने इसी तरह के हाई-टेक सोलर पावर कैमरों का भंडाफोड़ किया था। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच के तार विदेशों से जुड़े होने की आशंका के चलते मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal