कॉकरोच जनता पार्टी से चुनाव लड़ने का मन है: अब्बास अंसारी

लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पूर्वांचल के राजनीतिक गलियारों में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच मऊ सदर सीट से विधायक और दिवंगत मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सबको चौंका दिया है। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे अब्बास अंसारी से जब साइकिल के सिंबल पर चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि उन्हें कॉकरोच जनता पार्टी पसंद आ रही है और वह इसी के सिंबल पर चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते अब्बास अंसारी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि एक कॉकरोच पार्टी आई है और वह सोच रहे हैं कि क्यों न उसी से चुनाव लड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस काल्पनिक पार्टी के मुद्दे उन्हें काफी पसंद आ रहे हैं और उनके कई जानने वाले लोग इसमें शामिल भी हो चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हंसते हुए कहा कि अगर यहाँ इसका कोई कार्यालय खुला हो, तो उन्हें भी सदस्यता दिला दी जाए। दरअसल, अब्बास अंसारी ने जिस कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का जिक्र किया, वह कोई वास्तविक राजनीतिक दल नहीं है। यह सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान (डिजिटल मूवमेंट) है, जिसे विदेश में रहने वाले एक भारतीय युवक अभिजीत दिपके ने शुरू किया था। युवाओं के बीच यह अभियान बेहद कम समय में काफी लोकप्रिय हो गया है। अब्बास अंसारी लंबे समय के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नजर आए हैं। वह सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी कमलेश बहादुर से मुलाकात कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति सौंपी और जिला प्रशासन को अपने क्षेत्र भ्रमण की जानकारी दी। इसके बाद वह समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की। अब्बास अंसारी ने स्पष्ट किया कि अब वह अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ही क्षेत्र में उनकी यह सक्रियता अचानक बढ़ गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal