पलामू जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के पास भीषण आग लगने तीन दुकानें जलकर राख

रांची, 25 मई झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के पास सोमवार अहले सुबह तीन दुकानों में आग लग जानें से लाखों की संपति जल कर राख हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 15 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3 बजे बस स्टैंड के समीप स्थित शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज और सलाम ऑटो गैरेज में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते तीनों दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और दमकल टीम को बुलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के दौरान एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग और तेजी से फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की इस घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक और लाखों रुपये के टायर समेत भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन लाख रुपये मूल्य के टायर भी आग की भेंट चढ़ गए। दुकानों में रखा बाकी सामान भी पूरी तरह राख हो गया। इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती जांच में बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal