इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होगी नेशनल कांफ्रेंस : फारूक

श्रीनगर, 07 जून नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी आठ जून को नई दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेगी।
डॉ अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि या तो वह खुद अथवा जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली इस बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने कहा “बैठक होने जा रही है। उमर या मैं, हममें से कोई एक जाएगा। जाहिर है, हम उसका (इंडिया गठबंधन) हिस्सा हैं। हम वहां मौजूद रहेंगे।”
विपक्षी इंडिया गठबंधन की पार्टियों की बैठक आठ जून को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित की गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस इस गठबंधन का एक घटक है और जब से यह समूह बना है, तब से वह इसकी बैठकों और विचार-विमर्श में हिस्सा लेती रही है।
डॉ अब्दुल्ला ने अनुच्छेद 370 को ‘दफन’ कर दिए जाने संबंधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के बयानों को लेकर पलटवार किया और कहा कि विशेष दर्जे का प्रावधान तभी दफन होगा जब कश्मीर के लोग खत्म हो जाएंगे। उन्होंने विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के उस हालिया दावे पर यह प्रतिक्रिया व्यक्त की जिसमें कहा गया था कि अनुच्छेद 370 और 35ए को दफन कर दिया गया है तथा दिल्ली में पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने कहा, “जिस दिन हम सभी कश्मीर में दफन हो जाएंगे, उसी दिन वह (अनुच्छेद 370) भी दफन हो जाएगा।”
डॉ अब्दुल्ला ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के संयुक्त संपर्क पहल के सुझाव पर टिप्पणी करने से भी इनकार कर दिया। सुश्री मुफ्ती ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कई क्षेत्रीय नेताओं को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ निरंतर बातचीत शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से लद्दाख की तरह एकजुट होकर संपर्क किया जाए।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal