बिहार में आठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला

पटना, बिहार सरकार ने सोमवार को राज्य पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग की ओर से आज यहां जारी अधिसूचना के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक (नागरिक सुरक्षा) पंकज कुमार राज को एससीआरबी का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। उन्हें रेलवे पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं तकनीकी सेवाएं एवं संचार की पुलिस महानिरीक्षक एस. प्रेमलथा को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसी तरह विशेष शाखा में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत संजय कुमार को पुलिस महानिरीक्षक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशाम सेवाएं में पुलिस उप-महानिरीक्षक के रूप में कार्यरत सुधीर कुमार पोरिका को एससीआरबी का पुलिस उप-महानिरीक्षक बनाया गया है।पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस मुख्यालय,कुमार गौतम को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5, पटना का समादेष्टा नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस उप-महानिरीक्षक (यातायात) सुशांत कुमार सरोज को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) का पुलिस उप-महानिरीक्षक बनाया गया है। वे यातायात विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
इसी तरह बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में पुलिस उप-महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत दीपक रंजन को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की डकैती निरोध शाखा का पुलिस उप-महानिरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा विशेष सुरक्षा दल के समादेष्टा मनीष कुमार सिन्हा को अशवारोही विशेष सशस्त्र पुलिस, आरा का समादेष्टा नियुक्त किया गया है। वहीं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 के समादेष्टा अजय कुमार को विशेष सुरक्षा दल का समादेष्टा बनाया गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal