लालू यादव का 79वां जन्मदिन: ढोल-नगाड़ों और केक के साथ मना जश्न, बेटे तेज प्रताप ने पिता के लिए मांगी लंबी उम्र

पटना, 11 जून राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 79वां जन्मदिन अपने पटना स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया। आधी रात से ही आवास के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लग गया था, जिन्होंने बैंड-बाजे और केक काटकर इस दिन को यादगार बनाया। समर्थकों ने लालू यादव को ‘गरीबों का मसीहा’ बताते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।
तेज प्रताप का भावुक संदेश
पिता के जन्मदिन पर भावुक होते हुए तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें लालू प्रसाद का पुत्र होने का अवसर मिला। तेज प्रताप ने पिता के प्रति अपना प्रेम व्यक्त करते हुए प्रार्थना की कि उनकी अपनी उम्र भी लालू यादव को लग जाए, ताकि वे स्वस्थ रहकर लंबे समय तक लोगों का नेतृत्व कर सकें।
नेताओं ने दी शुभकामनाएं
जन्मदिन के इस अवसर पर राजद के कई वरिष्ठ नेताओं, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और विधायक भाई वीरेंद्र शामिल हैं, ने राबड़ी आवास पहुंचकर लालू यादव को बधाई दी। इसके साथ ही जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी उन्हें दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं। पूरा बिहार और पार्टी समर्थक आज के दिन को एक सामाजिक उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal