Sunday , June 14 2026

दिल्ली-NCR में आंधी तो यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने इन राज्यों को दी चेतावनी

दिल्ली-NCR में आंधी तो यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने इन राज्यों को दी चेतावनी

नई दिल्ली, देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जून की भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है कि मानसून और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण देश के बड़े हिस्से में बारिश का दौर शुरू हो चुका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 13 जून 2026 के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहां मैदानी इलाकों में इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं पहाड़ी राज्यों के लिए यह मौसम आफत बनकर बरस रहा है.

दिल्ली-NCR में आंधी और कम होता तापमान
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से रात के समय आंधी के साथ बारिश हो रही है, जिससे भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज भी 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. आज राजधानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो सामान्य से कम है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में ‘येलो अलर्ट’
उत्तर प्रदेश के मौसम में भी बड़े बदलाव की चेतावनी दी गई है। पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी तक मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. विशेष रूप से आगरा, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और मेरठ जैसे जिलों में आंधी के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है.

पड़ोसी राज्य बिहार में भी स्थिति ऐसी ही रहने वाली है। पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में आज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इस बदलाव से बिहार के लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

पहाड़ों पर भारी बारिश की चेतावनी
मैदानी इलाकों में जहां बारिश राहत लेकर आई है, वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ 65-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कांगड़ा क्षेत्रों में भी तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.

राजस्थान, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत का हाल
भीषण गर्मी की मार झेल रहे राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में आज बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में भी झमाझम बारिश की चेतावनी दी गई है. दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में भारी बारिश के मद्देनजर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पश्चिम बंगाल में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे पुरुलिया को छोड़कर राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है।

मानसून पर अल-नीनो का साया
राहत भरी बारिश के बीच मौसम विभाग ने एक चिंताजनक अपडेट भी दिया है। IMD के अनुसार, समुद्र की सतह का तापमान बढ़ रहा है और अल-नीनो की स्थिति मजबूत हो रही है। इसके चलते जून से सितंबर के दौरान औसत से कम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है, जो कृषि और जल संचयन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट